Tuesday, October 20th, 2026

मोरटक्का में नर्मदा एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर

खंडवा
 इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर मोरटक्का में नर्मदा एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई है। इससे पुल के एक खंभे में नजर आई दरार बाढ़ के पानी में समा गई है। वहीं पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना भी फिलहाल टल गई है। प्रशासन को पुल की मजबूती के संबंध में एनएचआइ की रिपोर्ट का इंतजार है।

इस मानसून सत्र में तीसरी बार नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को छलांग चुका है। यह स्थिति बुधवार रात 12 बजे ओंकारेश्वर बांध से छोडे जा रहे पानी की मात्रा बढ़ाने से बनी है। विदित हो कि बुधवार शाम को पुल से पानी उतरने पर वाहनों की आवाजाही शुरू करने से पहले खेड़ीघाट वाले छोर पर दो नंबर पिलर में दरार नजर आने से खलबली मच गई थी। इसके बाद एनएचआइ की टीम ने पुल की जांच की थी। इसके चलते मंगलवार शाम पांच बजे से बंद पुल से अभी तक वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो सकी है। पुल शुरू करने के लिए एनएचआइ की रिपोर्ट आने के पहले नर्मदा में फिर बाढ़ की स्थिति बनने से गुरुवार को पुल से यातायात शुरू होने की संभावना टल गई है। प्रशासन का कहना है कि नर्मदा का जलस्तर सामान्य होने और एनएचआइ की रिपोर्ट आने के बाद ही पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी।

 

#Narmada once

Source : Agency

पाठको की राय