Monday, October 26th, 2026

नाम डा. दीपक शर्मा , काम रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाना

( अमिताभ पाण्डेय  )
भोपाल । ( अपनी खबर )

 देश- दुनिया में ऐसे बहुत लोग हैं जो कि कोई एक अनोखा काम करते हैं और मशहूर हो जाते हैं।
 खेल , कला , गीत - संगीत- नृत्य , संस्कृति , साहित्य , पत्रकारिता , फोटोग्राफी , धर्म , समाज,  शिक्षा,  चिकित्सा,  योग , विज्ञान , कृषि , जल, जंगल, जमीन, प्रकृति, पर्यावरण सहित विविध क्षेत्रों में दुनियाभर के लोगों ने अलग-अलग तरह से काम करके खूब नाम कमाया । अपने इनोवेटिव आइडिया से शोहरत पाई । अपने-अपने क्षेत्र में, अलग तरह का काम करने वाले यह लोग ऐसा रिकॉर्ड बनाते हैं कि जो आदर्श बन जाता है ।


लोग बरसों तक ऐसे अनोखे रिकार्ड बनाने वाले का उदाहरण देते हैं।  ऐसे अद्भुत व्यक्ति देश- दुनिया , समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। इनसे प्रेरित होकर लोगों को अलग-अलग तरह के काम करने की दिशा मिलती है ।


अलग-अलग तरह के रिकॉर्ड बनाने वालों का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड,  लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड , इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स,  एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड जैसी किताबों में दर्ज होता चला जाता है। एक बार किसी ने कोई रिकॉर्ड बना लिया या अनोखा काम कर लिया तो कई सालों तक उसका रिकॉर्ड कायम रहता है। इस रिकॉर्ड को जब तक कोई दूसरा तोड़कर आगे ना निकल जाए तब तक उसके नाम और रिकॉर्ड की शोहरत बढ़ती रहती है।


 क्या आप ऐसे किसी व्यक्ति को जानते हैं  , जो अपने अलग-अलग तरह के काम से नए नए रिकॉर्ड बनाए ? अपने ही बनाए रिकॉर्ड को तोड़कर फिर नए रिकॉर्ड बनाए ? रिकॉर्ड को बनाना और उससे आगे जाकर फिर नए रिकॉर्ड बनाना। यही जिसकी पहचान बन गई हो।  जोश- जुनून से भरे ऐसे रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाने वाले व्यक्ति डॉक्टर दीपक शर्मा है।
 वे पेशे से पंजाब एंड सिंध बैंक में मैनेजर हैं । उनको अब भारत ही नहीं विदेश में भी  लोग अद्भुत रिकॉर्ड धारी टाईमैन के नाम से जानते हैं ।  टाईमैन । जी हां यह नाम ही उनकी पहचान बन गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि डॉ दीपक शर्मा के पास 5 हजार से ज्यादा अलग-अलग तरह की टाई का संग्रह है । वह वर्ष 1988 से आज तक हर माह कम से कम एक नई टाई जरूर  खरीदते हैं । अब तक लगभग 27 लाख रुपए से ज्यादा की टाई खरीद चुके हैं।


अब तो हाल यह है कि उनके जाने पहचाने लोग भी उन्हें टाई ही उपहार में देते हैं । हाल ही में 2 जून 2022 को tभोपाल में जब डा. शर्मा ने अपना जन्मदिन भोपाल में मनाया तो उनके चाहने वालों ने उन्हें चांदी की टाई  उपहार में दी । उनका बर्थ डे गिफ्ट यही था। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें यह उपहार देने वालों में भी अलग-अलग तरह की विशेषता रखने  वाले लोग  शामिल थे।


इनमें  तरह-तरह की माचिस का संग्रह करने वाले सुनील भट्ट , कबाड़ से जुगाड़ कर मशहूर हुए देवेंद्र प्रताप तिवारी , स्केच आर्टिस्ट डॉली जैन , अलग-अलग तरह के नोट के अंकों का संग्रह करने वाले सुधीर जैन पंड्या "  नोट एक्सप्रेस " ,   पुरातत्वविद डा. नारायण व्यास ,  डाक टिकट और सिक्कों का संग्रह करने वाले अरुण सक्सेना , अपने सुंदर बगीचे के लिए मुख्यमंत्री से सम्मानित हो चुके   गुरदास - सीमा गुप्ता ,  स्टाम्प कलेक्शन करने वाले अजय मेहता ,  19 लोगों के परिवार में अलग-अलग तरह की वस्तुओं  का  संग्रह करने के  लिए मशहूर मन्नान हाशमी जैसे लोग प्रमुख हैं।


यहां यह बताना जरूरी होगा कि अलग अलग वस्तुओं का संग्रह करने वालों इन लोगों ने भोपाल के राज्य संग्रहालय में 18 मई 2022 को प्रदर्शनी लगाई थी। इस प्रदर्शनी में सभी लोगों ने अपने अपने कलेक्शन को आम जनता के लिए प्रस्तुत किया था। इसको खूब पसंद किया गया। बड़ी संख्या में कलाप्रेमी देखने आए। अपनी खबर से चर्चा करते हुए डॉ दीपक शर्मा ने बताया कि उनके पास 5 हजार 409 से ज्यादा अलग-अलग तरह की टाई है। इनमें 2 हजार 988 थीम बेस्ड टाई है ।


उन्होंने केवल 7 सेकंड में 8 लोगों को टाई बनाने का रिकॉर्ड बनाया। आंखों पर पट्टी बांधकर 5.45 सेकंड में टाई बांधने का रिकॉर्ड बनाया । टेबल पर हाथ से विंडसर नॉट टाई सिर्फ 4 . 32  सेकंड में बांधकर दिखा दी । टाई से जुड़ी इन विशेष उपलब्धियों के कारण डा. दीपक शर्मा का नाम दो बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड , 4 बार एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ,  7 बार इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ,  10 बार लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड , 4 बार वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया में दर्ज हो चुका है ।


वह अब तक कुल 87 बार अलग-अलग तरह के रिकॉर्ड बना चुके हैं । डॉक्टर दीपक शर्मा शतरंज के भी माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं । वर्ष 2010 में अहमदाबाद में हुई नेशनल चेस चैंपियनशिप में डॉक्टर दीपक शर्मा , उनकी पत्नी ज्योति , बेटे केविन , बेटी पूजा ने मास्टर के रूप में खेलते हुए 80 खिलाड़ियों को हरा दिया । इस चैंपियनशिप में भाग लेने- जीतने के लिए उनके पूरे परिवार का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया ।


डॉ शर्मा मोटरसाइकिल चलाने के शौकीन रहे हैं । वह श्रीनगर से राजकोट तक 3 हजार 222 किलोमीटर का सफर बाइक से पूरा कर चुके हैं। एडवेंचर क्लब ऑफ राजकोट गुजरात की ओर से आयोजित मोटर बाइक एक्सपीडिशन में भाग लेकर कन्याकुमारी से खारदुंगला तक का 3 हजार 900 किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं।


 उन्हें मशहूर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन के सामने कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में भी बैठने का मौका मिला है । डॉक्टर दीपक शर्मा ने 17 जून 2012 को भोपाल के चिनार फॉर्चून सिटी स्विमिंग पूल में लांगेस्ट टाइम अंडर वाटर विदाउट ब्रीडिंग रिकॉर्ड के लिए आवेदन किया।  उन्होंने  77 सेकंड तक पानी के भीतर बिना सांस लिए रुक कर दिखा दिया । उनका यह खतरनाक लेकिन सफल प्रयास एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है ।


डॉ शर्मा को अपने टाई के प्रति विशेष शौक के चलते टाईमैन के रूप में प्रसिद्धि मिली । वह टाई के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी तरह-तरह के रिकॉर्ड बनाने में लगे हुए हैं । उनका कहना है कि बिना शौक जिंदगी में मजा नहीं है। जब तक कुछ नया रिकॉर्ड ना बना लूं , तब तक मुझे चैन नहीं मिलता । वह नए नए रिकॉर्ड बना कर भारत का नाम पूरी दुनिया में मशहूर करते रहेंगे , ऐसा विश्वास है ।


( लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं ,  संपर्क  : 9424466269 )

 

Source : Agency

पाठको की राय