Tuesday, October 20th, 2026

नालंदा की बेटी की गला घोंटकर पटना में हत्या; ससुराल वाले फरार, पति बोला- खुद फांसी पर लटकी है

पटना.

पटना में ससुराल वालों ने नालंदा की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव की है। मृतका की पहचान पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव के रहने वाले सचिन कुमार की पत्नी पूजा कुमारी (19) के रूप में की गई है।घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव निवासी सचिन कुमार की शादी नालंदा निवासी दीनानाथ कुमार की बेटी पूजा कुमारी से 5 मई 2023 को हुई थी।

पूजा कुमारी के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही पूजा कुमारी के ससुराल वाले अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। कई बार लोगों ने उसे समझाया, लेकिन पूजा के ससुराल वालों ने नहीं माना। पूजा के परिजनों का कहना है कि रविवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। मौत की खबर सुनते ही सभी लोग वहां पहुंचे तो उनकी बेटी का शव घर में पड़ा था। परिजनों का आरोप है कि पूजा के पति सचिन, उनकी सास गुड़िया देवी, ससुर शिव पूजन रविदास एवं उनके भाई बहन ने मिलकर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के संबंध में पूजा के पति सचिन का कहना है कि रविवार की सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर लौटने पर उसने देखा कि उनकी पत्नी पूजा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है।

जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि पूजा के परिजनों द्वारा हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक नवविवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। हालांकि इस मामले में नवविवाहिता के ससुराल वालों का कहना है कि युवती ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

 

#Newly married woman#strangled to death#in-laws absconding

Source : Agency

पाठको की राय