खतरनाक बाउंसर से लहू-लूहान हुए नजीबुल्लाह जादरान, 12वें नंबर पर रन बनाते ही फजलहक फारूकी ने रचा इतिहास
नई दिल्ली
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज काफी रोमांचक रही। अफगानिस्तान ने पहले-दूसरे टी20 में जीत हासिल की जबकि पाकिस्तान टीम ने आखिरी मैच में बाजी मारी और क्लीन स्वीप से बच गई। पाकिस्तान ने 182/7 का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की पारी 116 पर ढेर हो गई। तीसरे टी20 में अफगानिस्तान को ना सिर्फ 66 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी बल्कि एक और बड़ा झटका लगा। दरअससल, स्टार बल्लेबाज नजीबुल्लाह जादरान एक खतरनाक बाउंसर पर बुरी तरह चोटिल हो गए और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।
नजीबुल्लाह 11वें ओवर में रिटायर्ड हर्ट हुए। तेज गेंदबाज इहसानुल्लाह ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर उस्मान गनी (15) को आउट किया, जिसके बाद नजीबुल्लाह बैटिंग के लिए आए। इहसानुल्लाह ने तीसरी गेंद पटकी हुई रखी, जो नजीबुल्लाह के हेलमेट पर जा लगी। गेंद लगती ही नजीबुल्लाह के खून बहने लगा और वह दर्द से कराहते हुए नजर आए। फीजियो ने काफी कोशिश की लेकिन उनकी तकलीफ कम नहीं हुई। इसके बाद, नजीबुल्लाह ने फीजियो के साथ वापस लौटने का फैसला किया।
फजलहक फारूकी ने रचा इतिहास
नजीबुल्लाह के चोटिल होने के बाद अफगानिस्तान की हालत और भी खस्ता हो गई। ऐसे में अफगानिस्तान ने फजलहक फारूकी को 12वें खिलाड़ी के रूप में बैटिंग के लिए मैदान पर उतारा। फारूकी कोई खास कमाल तो नहीं दिखा सके लेकिन उन्होंने एक इतिहास रच दिया। वह नंबर 12 पर रन बनाने वाले दुनिया के पहले पुरुष क्रिकेटर बन गए। उन्होंने 2 गेंदों का सामना करने के बाद नाबाद 1 रन बनाया। गौरतलब है कि मैच में अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक रन अजमतुल्लाह उमरजई ने जुटाए। उन्होंने 20 गेंदों में 21 रन की पारी खेली।

पाठको की राय