Monday, October 19th, 2026

एकजुट नहीं मुसलमान, 18 फीसदी आबादी के बाद भी लीडरशिप नहीं; सुखबीर बादल का बयान

नई दिल्ली.

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने देश के मुसलमानों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में सिखों के बजाय मुसलमानों की ज्यादा आबादी है, लेकिन वे संगठित नहीं है, इसलिए उनके पास लीडरशिप नहीं है। हम उनके 18 प्रतिशत आबादी के मुकाबले सिर्फ 2 फीसदी हैं, पर श्री अकाल तख्त साहिब के तहत एक साथ हैं। बादल ने इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी हमला बोला।

कहा कि वे उन्हें सिख नहीं मानते, क्योंकि वे सिखों का इतिहास नहीं जानते हैं। पगड़ी सिर्फ इसलिए पहनते हैं ताकि दिखा सकें कि वे सिख हैं। दिल्ली में सिख समूहों के साथ एक बैठक में शिरोमणि अकाली दल के चीफ सुखबीर सिंह बादल ने कहा, "मैं उन्हें (भगवंत मान) सिख नहीं मानता। वह यह दिखाने के लिए पगड़ी पहनते हैं कि वह एक सिख हैं। वह सिखों का इतिहास नहीं जानते। जब हम उन्हें देखते हैं और उनके बयान सुनते हैं तो हमें दुख होता है।" बादल ने यह भी दावा किया कि पंजाब सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल द्वारा चलायी जा रही है। अकाली नेता ने कहा, "वे (आप) पंजाब को लूट रहे हैं और अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री हैं, भगवंत मान नहीं।"

मुस्लिम और सिख आबादी की तुलना
बादल ने कहा, "देश में मुसलमानों की आबादी लगभग 18 प्रतिशत है लेकिन उनके पास कोई नेतृत्व नहीं है क्योंकि वे एकजुट नहीं हैं। हम 2 प्रतिशत हैं लेकिन हम श्री अकाल तख्त साहिब के तहत एकजुट हैं।"

अन्य राज्यों में भी दफ्तर खोलेंगे
बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के पंजाब चुनावों में भारी जीत के साथ सत्ता में आई। 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें हासिल की और कांग्रेस को पछाड़ दिया जो 18 सीटें जीतने में कामयाब रही। 61 वर्षीय नेता ने पार्टी की दिल्ली राज्य इकाई के अध्यक्ष एस परमजीत सिंह सरना के आवास पर श्री पटना साहिब (बिहार) और मुंबई (महाराष्ट्र) की सिख संगत के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने घोषणा की कि "शिरोमणि अकाली दल सिख आबादी वाले सभी राज्यों में पार्टी इकाइयां स्थापित करेगा"।

सिख समुदाय से एकजुट होने की अपील
उन्होंने समुदाय से एकजुट रहने का आग्रह किया। कहा, "मैं आप सभी से अपील करता हूं कि विभाजित न हों और एकजुट रहें...शिरोमणि अकाली दल सभी राज्यों में पार्टी इकाइयां स्थापित करेगा..."

 

#Sukhbir Badal#Muslims#not united

Source : Agency

पाठको की राय