कला समूह की संगीत संध्या का आयोजन 4 जून को
(अमिताभ पाण्डेय)
भोपाल । राजधानी के संगीत प्रेमियों के लिए नए - पुराने सदाबहार गीतों की महफिल सजेगी । इसमें मशहूर गायकों के तरानों को जाने माने कलाकार अपनी आवाज में पेश करेंगे। यह आयोजन आगामी 4 जून की शाम 6 बजे भोपाल के न्यू मार्केट स्थित अपेक्स बैंक के समन्वय भवन सभागार में होगा।सुरीले संगीत की इस महफिल को शाम सुरमयी नाम दिया गया है जिसमें सभी संगीतप्रेमी सादर आमंत्रित हैं। कार्यक्रम में गीत - संगीत के शौकीन अधिक से अधिक शामिल हों इसलिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।
इस संगीत संध्या में भोपाल के जाने-माने गायक राजेश भट्ट , डॉक्टर देव आलाप भट्ट , कुलदीप सिंह , सुश्री स्निग्धा के साथ ही मंडला शहर से आए गायक प्रसन्न सराफ , गायिका जया सराफ सहित अन्य गायक भी अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
साज और आवाज की इस महफिल में सदाबहार गायक मोहम्मद रफी , किशोर कुमार , मन्ना डे , लता मंगेशकर , आशा भोंसले के गीतों के साथ ही सुरेश वाडकर , कुमार शानू , कविता कृष्णमूर्ति , शंकर महादेवन , राहत फतेह अली के गाए गीतों को भी स्थानीय कलाकार अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत करेंगे। लायंस क्लब भोपाल स्मार्ट सिटी के लायन महेश शर्मा ने बताया कि समाज में सकारात्मकता लाने और विश्व शांति के उद्देश्य की पूर्ति के लिए संगीत का महत्वपूर्ण योगदान है ।
भारतीय फिल्मों के लिए रचे गए गीत और संगीत हमारी अमूल्य धरोहर है जिससे हर खास और आम नागरिक जुड़ा है । भोपाल और आसपास के संगीत प्रेमी अपने परिवारजनों के साथ इस संगीत संध्या में शामिल होकर गायकों का उत्साहवर्धन करेंगे , ऐसा विश्वास है। इस संगीत संध्या में अपनी सुमधुर प्रस्तुति के लिए मंडला से आए प्रसन्न सराफ , जया सराफ , के साथ ही भोपाल की संगीत गुरु श्रीमती सावित्री तिवारी को भी कला साधक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग होंगे ।अध्यक्षता मध्यप्रदेश विधानसभा के सचिव ए पी सिंह करेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में फिल्म अभिनेता राजीव वर्मा , नगर निगम महापौर श्रीमती मालती राय , राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के सदस्य राजन नायर , लायंस क्लब भोपाल के संयोजक नरेंद्र सिंह जग्गी , लायंस क्लब के रीजनल चेयरमैन मनीष सेनानी शामिल होंगे। इस संगीतमय आयोजन में भोपाल के समाजसेवी और संगीत प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित होंगे।

पाठको की राय