Wednesday, October 21st, 2026

कातिल बहनोई: घरवाली से मारपीट करता था ललित, पत्नी के भाई की सुपारी देकर करा दी हत्या; सामने आई खूनी कहानी

बेमेतरा.

बेमेतरा जिले में शिक्षक विजय वर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की मुख्य वजह परिवारिक विवाद बताई जा रही है। मुख्य आरोपी ने शिक्षक विजय वर्मा की हत्या करने 2.50 लाख रुपये की सुपारी दी थी। एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि यह मामला तीन फरवरी का है।

शिक्षक विजय वर्मा गांव जिया के शासकीय स्कूल में पदस्थ थे। स्कूल से वापस आते समय बेमेतरा-सिमगा मुख्य मार्ग पर बसनी गांव के पास उसका शव मिला था। धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि परिवारिक विवाद के चलते बहनोई ललित वर्मा ने अपने साले शिक्षक विजय वर्मा की हत्या करने के लिए 2.50 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी ललित वर्मा (30) पुत्र कौशल वर्मा निवासी ग्राम लोलेसरा बेमेतरा, तुकाराम साहू (34) पुत्र दीनानथ साहू निवासी ग्राम किरवई थाना सिमगा जिला बलौदा बाजार, नागेश्वर रात्रे (24) पुत्र कवल दास रात्रे निवासी ग्राम किरवई थाना सिमगा जिला बलौदा बाजार, गुलशन ध्रुव (27) पुत्र फेकन सिंह ध्रुव निवासी गांधीनगर, पंडरी, थाना सिविल लाईन रायपुर और सोमेश कोसरे (24) पुत्र दिनेश कोसरे सरस्वती नगर, पंडरी थाना सिविल लाईन रायपुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, विजय वर्मा की छोटी बहन की शादी आरोपी ललित वर्मा के साथ हुआ है। शादी के बाद ललित वर्मा और उसकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। विजय वर्मा की बहन ने बेमेतरा थाना में अपने पति ललित वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस पूरे विवाद का कारण आरोपी ललित वर्मा अपने साले विजय वर्मा को समझता था। विजय की हत्या करने के लिए आरोपी ललित ने अपने दोस्त तुकाराम साहू से संपर्क किया। तुकाराम साहू ने विजय वर्मा की हत्या के लिए देवा नामक व्यक्ति से संपर्क किया। वारदात के एक दिन पूर्व आरोपी देवा अपने अन्य साथी सोमेश कोसरे, गुलशन के साथ बेमेतरा आकर ललित वर्मा से संपर्क कर मृतक के आने-जाने के रास्ते के संबंध में तुकाराम के साथ मिलकर रेकी की। आरोपी देवा ने अपने अन्य साथी सोमेश कोसरे, गुलशन के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से विजय की हत्या कर दी। इसके बाद ललित वर्मा ने अपने दोस्त तुकाराम को 2.50 लाख रुपये दिए। अभी तक मामले में पांच आरोपियों को पकड़ा गया है। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से कुल 1.90 लाख रुपये की बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से मोबाइल, तीन बाइक भी बरामद हुईं हैं।

 

#Brother-in-law murdered#giving betel nut#beat his wife#killer revealed

Source : Agency

पाठको की राय