'गैंगस्टर अर्कोट की मौत का बदला लेने की हत्या?', तमिलनाडु के बसपा नेता की हत्या पर पुलिस को संदेह
चेन्नई/पेरंबूर.
तमिलनाडु में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सीबीआई जांच की मांग की है। इस बीच, चेन्नई पुलिस ने इस घटना में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसे संदेह है कि पिछले साल गैंगस्टर अर्कोट सुरेश की हत्या से यह मामला जुड़ा हो सकता है। सुरेश की हत्या का बदला लेने के लिए आर्मस्ट्रांग को मौत के घाट उतारा जा सकता है।
इस हत्या की वारदात के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया था कि बसपा नेता आर्मस्ट्रांग की शुक्रवार शाम सवा सात बजे उस समय हत्या कर दी गई, जब वह यहां पेरंबूर में बन रहे अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान इस हमले में उनके साथ मौजूद चार लोग भी घायल हो गए। पुलिस कमिश्नर ने कहा था कि आर्मस्ट्रांग को उनके समर्थकों ने स्थानीय अस्पताल पहुंचाया था और बाद में वहां उनकी मौत हो गई।
आठ लोगों को गिरफ्तार किया
उत्तरी चेन्नई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) असरा गर्ग ने बताया, 'हम पूछताछ कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि पूर्व में की गई हत्या के कारण बसपा नेता की जान ली गई है। हमने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। हमने सात खून से सने हथियार, एक जोमैटो टी-शर्ट, एक जोमैटो बैग और तीन बाइक जब्त की हैं, जिनका अपराध करने में इस्तेमाल किया गया था।
#Tamil Nadu#BSP leader Murder#gangster Arcot

पाठको की राय