Monday, October 26th, 2026

निकाय चुनाव: एक जुलाई को BJP जारी कर सकती है घोषणा पत्र, प्रदेश स्तर पर घोषणा पत्र जारी नहीं करेगी कांग्रेस

भोपाल
प्रदेश भाजपा तीस जून या एक जुलाई को नगरीय निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेगी। इसके लिए चुनाव घोषणा पत्र समिति ने पूरा खाका तैयार कर लिया है। इस घोषणा पत्र को अगले तीन दिनों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दिखाया जाएगा और सीएम के फाइनल करने के बाद इसे घोषित कर दिया जाएगा।

छह जुलाई को नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग है और भाजपा इन चुनावों में महापौर पद को लेकर खासी गंभीर है। इसे देखते हुए भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति ने प्रदेश स्तर और नगर निगम स्तर पर दो तरह के घोषणा पत्र तैयार किए हैं। घोषणा पत्र में शहरों के चौतरफा विकास की बातें शामिल हैं जिसमें फ्लाई ओवर, शहर को अतिक्रमण मुक्त करने और बढ़ती आबादी के मान से चौड़ी सड़कों का जाल फैलाने का उल्लेख है।

इसके साथ ही शहरी इलाकों में अस्पताल, स्कूल जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्लान तैयार करने की बात कही गई है। पेयजल, सीवेज सिस्टम में सुधार और अत्याधुनिक सेवाओं के आधार पर शहर के विकास का प्लान भी घोषणा पत्र में शामिल किया गया है। इसके साथ ही महापौर प्रत्याशियों की प्लानिंग के आधार पर भाजपा नगर निगम स्तर पर भी घोषणा जारी करने वाली है। सूत्रों ने बताया कि सीएम शिवराज के साथ प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बैठक कर इसे फाइनल करेंगे और इसके बाद घोषणा पत्र जारी होगा।

इधर कांग्रेस 16 नगर निगम का अलग-अलग घोषणा पत्र बना रही है। प्रदेश स्तर पर वह घोषणा पत्र जारी नहीं करेगी। घोषणा पत्र का काम हर निगम में वहां के पुराने नेताओं को सौंपा गया है। जहां पर वे इस वर्ग से बातचीत करने के बाद इसे फाइनल करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि चार-पांच दिन में घोषणा पत्र जारी कर देगी। कांग्रेस का फोकस हर शहर को साफ, स्वच्छ और बेहतर पर्यावरण के साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त निगम देने का वादा करेंगे। हर वादे को निभाने के लिए कांग्रेस वचनबद्ध रहेगी।

 

#Municipal elections

Source : Agency

पाठको की राय