Sunday, October 25th, 2026

मुंबई की महिला 20 साल से थी लापता, अब पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर दिखी

मुंबई
एक बार फिर साबित हो गया है कि अगर सही से इस्तेमाल किया जाए तो सोशल मीडिया मानव जाति के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। ताजा मामला मुंबई की एक महिला का है। महिला अपनी मां को पिछले 20 साल से खोज रही थी। लेकिन अब सोशल मीडिया के जरिए उनका पता चला है। उनकी मां पाकिस्तान में देखी गई हैं।  मुंबई की रहने वाली यास्मीन शेख बताती हैं कि उनकी मां कुक के तौर पर काम करने दुबई गई थीं लेकिन वह कभी नहीं लौटीं। यास्मीन शेख ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "मुझे अपनी मां के बारे में 20 साल बाद पाकिस्तान स्थित सोशल मीडिया अकाउंट से पता चला। उस अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया था जिसमें वो दिखीं।" उन्होंने कहा, "वह अक्सर 2-4 साल के लिए कतर जाती थीं लेकिन इस बार वह एक एजेंट की मदद से गई थीं और कभी वापस नहीं आई।"

यास्मीन ने बताया, "हमने उनकी तलाश करने की कोशिश की लेकिन सारी कोशिशें बेकार गईं। हम शिकायत भी दर्ज नहीं करा सके क्योंकि हमारे पास कोई सबूत नहीं था।" यास्मीन शेख ने आगे कहा कि उनकी माँ, हमीदा बानो दुबई में एक कुक के रूप में काम करने के लिए गई थीं और फिर कभी अपने परिवार से संपर्क नहीं किया। उन्होंने कहा, "जब हम अपनी माँ के ठिकाने के बारे में जानने के लिए एजेंट से मिलने जाते थे, तो वह कहती थी कि मेरी माँ हमसे मिलना या बात नहीं करना चाहती। उसने हमें आश्वासन दिया कि वे ठीक हैं। हालांकि, वह (माँ) अपने में वीडियो में स्पष्ट रूप से कह रही हैं कि एजेंट ने उनसे कहा था कि वह किसी को भी सच्चाई न बताए।"

उन्होंने कहा, "वीडियो आया और फिर हम तक पहंचा। उसके बाद ही हमें उनके पाकिस्तान में रहने के बारे में पता चला, वरना हमें नहीं पता था कि वह दुबई, सऊदी या कहीं और थीं।" वीडियो के बारे में बताते हुए हमीदा बानो की बहन शाहिदा ने कहा कि जब उन्होंने अपने पति, भाई-बहनों और घर का नाम सही बताया तो वे उन्हें पहचान गए। शाहिदा ने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी बहन को खोजने के लिए हर संभव कोशिश की और उस एजेंट से संपर्क किया जो कथित तौर पर कुछ समय बाद भाग गया था। इससे उनकी अपनी बहन से मिलने की सारी उम्मीदें टूट गईं। यास्मीन शेख उन्हें जल्द से जल्द वापस लाने में सरकार से मदद का आग्रह कर रही हैं।

 

#Mumbai woman

Source : Agency

पाठको की राय