जमानत के लिए SC पहुंचा मुख्तार अंसारी का बेटा उमर, कल होगी सुनवाई
नईदिल्ली
माफिया मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) के बेटे उमर अंसारी ने संपत्ति हड़पने से जुड़े मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) का दरवाजा खटखटाया है। काफी समय से फरार चल रहे उमर अंसारी (Umar Ansari) ने सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। माफिया के बेटे उमर की याचिका पर सोमवार यानी 1 मई को सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। बताते चलें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) पहले ही उमर अंसारी को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर चुका है।
इसके पहले मऊ कोर्ट ने मुख्तार के छोटे बेटे उमर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। ये मामला साल 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्तार के बड़े बेटे अब्बास अंसारी के हेड स्पीच का है, जिसमें उसने अधिकारियों के देख लेने और हिसाब किताब की बात कही थी। इस हेट स्पीच केस की सुनवाई के दौरान कई बार उमर अंसारी को कोर्ट में पेश होने को कहा जा रहा था, लेकिन वो पेश नहीं हो रहा था। हाल ही में कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया।
उमर अंसारी के साथ अफशां अंसारी भी फरार
उमर अंसारी का फिलहाल कोई अता-पता नहीं है। काफी समय से पुलिस उमर की तलाश कर रही है। सिर्फ उमर ही नहीं माफिया मुफ्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी भी फरार चल रही है। अफशां अंसारी पर 75 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। अफशां पर मनी लॉन्ड्रिंग, जमीन हड़पने समेत कई आरोप हैं। उस पर 9 केस दर्ज है और पुलिस को फरार अफशां की तलाश है। 31 जनवरी 2022 में पुलिस ने अफशां पर गैंगस्टर एक्ट लगाया था। पुलिस को शक है कि मुख्तार के जेल जाने के बाद उसका इंटरस्टेट गैंग का पूरा काम काज उसकी पत्नी अफशां ही देख रही है।
बताया जाता है कि साल 2005 में मुख्तार के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी अफशां अंसारी ने उसके गैंग को ना सिर्फ लीड किया, बल्कि लेडी डॉन बनने की चाहत भी पाल ली थी। मुख्तार ने अपराध की दुनिया से बेहिसाब संपत्ति बनाई, जिसे अब उसकी फरार ईनामी बेगम ने संभाला हुआ है। मई 2020 में ED ने मुख्तार पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। मुख्तार और उसके भाई अफजाल से पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले में अफशां के भी शामिल होने के सबूत मिले थे। कहा जाता है कि मुख्तार के जेल जाने के बाद सारा कंट्रोल अफशां के ही पास है।

पाठको की राय