Sunday, October 25th, 2026

MPPEB exams cancelled: कमलनाथ बोले- युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही शिवराज सरकार

भोपाल
शिक्षक पात्रता चयन परीक्षा में गड़बडी को लेकर विवादों में घिरी प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड यानी पीईबी में फिलहाल परीक्षाएं टलती जा रही हैं, अगले दो महीने यानी अगस्त तक कोई भी परीक्षाएं नहीं हैं. उधर पीईबी की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने अब सवाल खड़े किए हैं. कमलनाथ ने ट्वीट किया है कि "पीईबी की शिक्षक भर्ती परीक्षा वर्ग 3 में हुए फर्जीवाड़े की जांच के नाम पर समय खराब कर बीजेपी प्रदेश के लाखों नौनिहालों और बेरोजगार युवाओं का भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं."

सरकार ने क्यों नहीं लिया कोई निर्णय
कमलनाथ ने ट्वीट कर प्रदेश सरकार से सवाल किया है कि "जब शिक्षक भर्ती परीक्षा वर्ग 3 में हुए फर्जीवाड़े की जांच पूरी होने की पहले खबरें आई थी, फिर भी सरकार कोई निर्णय क्यों नहीं ले पा रही हैं. प्रदेश के लाखों युवक-युवतियों की क्या गलती है जो अपने सुनहरे भविष्य के सपने को लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा में बैठे थे, उन्हें न्याय कब मिलेगा. सरकार को तत्काल निर्णय कर लाखों युवाओं को न्याय और रोजगार तथा प्रदेश के नौनिहालों को शिक्षा की अच्छी व्यवस्था करना चाहिए."

पीईबी में दो माह कोई परीक्षा नहीं
उधर ताजा विवाद के बाद पीईबी द्वारा परीक्षाओं पर ब्रेक लगा दिया है, स्थिति यह है कि अगले दो माह यानी अगस्त तक कोई परीक्षा ही नहीं है. अगस्त के बाद दिसंबर तक होने वाली 9 परीक्षाओं की भी अब तक तारीखें तय नहीं हो पाई हैं. अगस्त में पीईबी की दो परीक्षाए होनी हैं, इसमें समूह 1 उप समूह 1 और समूह 2 उप समूह 1 के रिक्त पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षाएं होनी हैं.

 

 

#MPPEB

Source : Agency

पाठको की राय