MP mission 2023: भोपाल में गृह मंत्री शाह के रोड शो से पहले पुलिसकर्मियों ने घेरा कांग्रेस का दफ्तर
भोपाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज भोपाल दौरे के दौरान बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पर भी कार्यक्रम है. लेकिन पुलिस ने सुरक्षा कांग्रेस दफ्तर की बढ़ा दी है. करीब 100 पुलिस कर्मियों ने पीसीसी दफ्तर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है.
Amit Shah in Bhopal. अमित शाह के आज अलग-अलग कई कार्यक्रम है. शाम 4:00 बजे अमित शाह का लिंक रोड नंबर 2 पर रोड शो होगा. 2 किलोमीटर के रोड शो के बाद शाह बीजेपी दफ्तर पहुंचेंगे. वहां 2 घंटे समय बिताने का कार्यक्रम है. अमित शाह इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे. लेकिन उनके रोड शो के पहले अचानक प्रदेश कांग्रेस दफ्तर की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है. करीब100 पुलिसकर्मियों के घेरे में पीसीसी दफ्तर को ले लिया गया है. इसकी वजह कांग्रेसियों के अमित शाह से मिलने और ज्ञापन देने का ऐलान है.
ये है वजह
कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कल भोपाल पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा था. इस बात की मांग की थी कि कांग्रेस का 11 सदस्यीय दल जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलना चाहता है. शर्मा ने पत्र में लिखा था कि कांग्रेस का प्रतिनिधि दल अमित शाह से मिलकर ज्ञापन देना चाहता है. आज कांग्रेस पार्टी ने ऐलान किया कि वह प्रदेश कांग्रेस दफ्तर से लिंक रोड नंबर 2 पर जाकर अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन देंगे. हालांकि कांग्रेसियों को मिलने का समय नहीं दिया गया है. इसके बावजूद कांग्रेसियों के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के ऐलान पर प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी. पीसीसी दफ्तर से लिंक रोड नंबर 2 की तरफ जाने वाले मार्ग को बेरिकेड्स के के सहारे बंद कर दिया गया है. किसी भी कांग्रेसी को अमित शाह के रोड शो के दौरान जाने की अनुमति नहीं होगी.
किसी कांग्रेसी को शाह से मिलने की इजाज़त नहीं
कांग्रेस नेता चाहते हैं कि प्रदेश के हालातों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपा जाए. लेकिन हंगामें और विरोध प्रदर्शन की आशंका के कारण कांग्रेसियों के ऐलान के बाद भारी सुरक्षा बल प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के बाहर तैनात कर दिया गया है. अमित शाह के रोड शो और बीजेपी दफ्तर में होने वाले कार्यक्रम के दौरान किसी भी कांग्रेसी को लिंक रोड पर जाने और बीजेपी दफ्तर पहुंचने की अनुमति नहीं होगी. मतलब साफ है कि पुलिस चाहती है कि अमित शाह के दौरे के दौरान किसी तरीके की गड़बड़ी ना हो और इसी के लिए सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के बाहर पुलिस सुरक्षा का घेरा मजबूत किया गया है.

पाठको की राय