MP mission 2023: वन समितियों के सम्मेलन में तेंदूपत्ता संग्रहण की बोनस राशि वितरित
भोपाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ( Amit Shah Bhopal) के भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश के आदिवासियों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाओं की सौगात दी जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी के जम्बूरी मैदान में वन समितियों के सम्मेलन में आदिवासियों के हित में आधा दर्जन नहीं घोषणाएं कर उनके जीवन स्तर में सुधार का ऐलान करने वाले हैं। सरकार ने तय किया है कि प्रदेश के 800 से अधिक वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश में राजस्व ग्राम की तरह ही वन ग्राम में रहने वालों को आवश्यक सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वन ग्रामों के बंधन के चलते यहां विकास के अनेक कार्य करना संभव नहीं हो पाता था।
ऐसी तकनीकी और वैधानिक बाधाओं के लिए रास्ता निकाला गया है ताकि अब वन ग्रामों के निवासियों का जीवन आसान हो सके। इसके साथ ही सरकार ने तय किया है कि तेंदूपत्ता संग्रहण के बोनस की 67 करोड़ रुपए की राशि के वितरण के साथ ही इमारती लकड़ी आदि से होने वाली आय जो पहले पूरी तरह सरकार के पास जाती थी, अब उसकी 20 प्रतिशत राशि वन समितियों को मिलेगी। ग्राम सभा की प्राथमिकता के आधार इस राशि को खर्च किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री शाह द्वारा प्रदेश में काष्ठ और बांस के लाभांश की 55 करोड़ की राशि के वितरण का कार्य कुछ हितग्राहियों को किया जाना है। जम्बूरी मैदान में हो रहे सम्मेलन में वन समितियों और प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के सदस्य शामिल हुए।
संगठन पदाधिकारी और मंत्री रहे सभास्थल पर मौजूद
सभास्थल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, डॉ एल मुरुगन के अलावा प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, वन मंत्री विजय शाह, सहकारिता मंत्री अरविन्द भदौरिया, भोपाल के प्रभारी व नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी भाजपा मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर भी मौजूद हैं।

पाठको की राय