भोपाल में पुलिस का ऑपरेशन पवित्र में दबोचा 2000 से ज्यादा बदमाश
भोपाल। राजधानी पुलिस ने बदमाशों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। रात में सात घंटे की कार्रवाई में पुलिस ने करीब दो हजार बदमाशों की धरपकड़ की है। इसमें 492 वारंटी, 1100 संपत्ति संबंधी अपराधी सहित निगरानी,हिस्ट्री शीटर और गुंडा सूची के बदमाश शामिल हैं। इसी के साथ 400 बदमाशों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के नोटिस थमाए गए हैं। एडिशन पुलिस कमिश्नर सचिन अतुलकर के नेतृत्व में एक बार फिर पुलिस ने नया रिकार्ड कायम किया है। अपराधी शहर छोड़कर भाग न सकें। इसके लिए पुलिस ने शहर भर में नाकेबंदी भी कर दी थी। गौरतलब है कि पिछले माह भी इस तरह की कार्रवाई में करीब 600 अपराधियों को एक रात में राउंडअप किया गया था। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे कंट्रोल रूम में सभी थानों के प्रभारियों, सभी जोन के डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी को बदमाशों पर कार्रवाई के लिए बुलाया गया था। साथ ही सैकड़ों की संख्या में रिजर्व फोर्स के बल को भी तलब किया गया था। पुलिस जवानोंं को बीट स्तर पर बदमाशों की सर्चिंग के आदेश दिए गए थे। तमाम थाना क्षेत्रों में स्थाई वारंटियों, निगरानी गुंडे और बदमाशों सहित संपत्ति संबंधी अपराधियों की सर्चिंग की।

पाठको की राय