जिले में बनाए गए 14 लाख से अधिक आधार
प्रतिमाह 20 हजार से अधिक व्यक्तियों को प्रदान कर रहे आधार की सेवाएँ
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित
आधार परियोजना की भावी रणनीति पर हुई चर्चा
कटनी
कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की प्रथम बैठक आयोजित हुई। बैठक में आधार से जुड़ी समस्याओं के निराकरण एवं आधार परियोजना की भावी रणनीति के बारे में समिति द्वारा विस्तार से चर्चा की गई।
जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस सौरभ नामदेव ने बैठक में बताया कि जिले में अभी 14 लाख 9 हजार 759 आधार बनाएं जा चुके हैं। जिले में शासकीय कार्यालयों, बैंकों, पोस्ट ऑफिसों में कुल 43 आधार केंद्र सुचारू रूप से संचालित है,जिनके द्वारा औसतन प्रतिमाह 20 हजार से अधिक आधार अपडेट किए जाते हैं। बैठक में यूआईडीएआई नई दिल्ली के प्रतिनिधि बशर अली द्वारा आधार परियोजना के क्रियान्वयन के संबन्ध में प्रजेन्टेशन देते हुए भारत सरकार एवं यूआईडीएआई द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार सभी नागरिकों को जिनके आधार कार्ड बने हुए 10 वर्ष पूर्ण हो चुके है, उनको अपने आधार कार्ड में अपना पते का प्रमाण एवं पहचान का प्रमाण अपडेट कराये जाना का विशेष अभियान चलाये जाने के संबन्ध में चर्चा की गयी। श्री बशर द्वारा बैठक के पूर्व जि़ले के आधार केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाकर कलेक्टर श्री प्रसाद को सभी केंद्र यूआईडीएआई की गाइडलाइन अनुरूप नियमतः संचालित होने की जानकारी भी दी गई।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आधार नम्बर व्यक्ति के पहचान के रूप में उभरा है एवं आधार नंबर का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओ का लाभ लेने के लिए किया जा रहा है एवं इन योजनाओं एवं सेवाओ का लाभ उठाने के लिए व्यक्ति को अपने नवीनतम विवरण से आधार को अपडेट रखना आवश्यक है, जिससे आधार प्रमाणीकरण और सत्यापन में असुविधा न हों । कलेक्टर श्री प्रसाद ने महिला बाल विकास एवं शिक्षा विभाग की आधार मशीनों को भी अतिशीघ्र प्रारम्भ कर आम जन को लाभ प्रदान किए जाने हेतु निर्देशित किया गया, एवं इस संबंध में जि़ला प्रबंधक, ई गवर्नेंस को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये । इसके साथ ही इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाईल नम्बर को अपडेट करने हेतु कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस सौरभ नामदेव, सीएमएचओ डॉ प्रदीप मुढिया, जि़ला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी पृथ्वीपाल सिंह, सीएससी प्रबंधक, यूआईडीएआई नई दिल्ली के प्रतिनिधि बशर अली तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

पाठको की राय