Monday, October 26th, 2026

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रवेश चयन परीक्षा में शामिल हुए 10 हजार से अधिक विद्यार्थी चयन मेरिट के आधार पर

रायपुर
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित 71 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए गुरूवार 15 जुलाई को आयोजित प्रवेश चयन परीक्षा में 10 हजार 494 विद्यार्थी शामिल हुए। चयन परीक्षा के लिए प्रदेश के 24 जिलों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। इस वर्ष कोविड महामारी के कारण कक्षा 5वीं की परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रवेश चयन परीक्षा में कक्षा 5वीं में 50 प्रतिशत अंक प्राप्ति की शर्तों को शिथिल किया गया है। इस वर्ष कक्षा 5वीं पास सभी विद्यार्थियों को चयन परीक्षा में बैठने की छूट दी गई। एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा में मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। आयोजित चयन परीक्षा में सर्वाधिक 1158 विद्यार्थी बलरामपुर से और 1004 विद्यार्थी सूरजपुर से शामिल हुए।  

    उल्लेखनीय है कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय को प्रारंभ करने का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर सामान्य जाति के विद्यार्थियों के समकक्ष लाना और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत कर प्रतियोगी परीक्षाओं के लायक बनाना है। प्रदेश में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कक्षा 6वीं से 12वीं संचालित हो रहे हैं। वर्तमान में 10 कन्या तथा 6 बालक और 55 संयुक्त इस प्रकार कुल 71 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें कक्षा 6वीं से 12वीं तक 60 सीटर प्रति कक्षा के मान से प्रत्येक विद्यालय में 420 बच्चों को प्रवेश देने का प्रावधान है।

 

#एकलव्य आदर्श आवासीय

Source : Agency

पाठको की राय