छक्के खाने के मामले में मोहम्मद सिराज और वनिंदु हसरंगा ने दर्ज कराया शर्मनाक रिकॉर्ड, युजवेंद्र चहल की बराबरी की
नई दिल्ली
Indian Premier League के इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का अनचाहा रिकॉर्ड ड्वेन ब्रावो के नाम दर्ज है। ब्रावो ने आईपीएल 2018 में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते हुए पूरे सीजन में 29 छक्के खाए थे। इस अनचाही लिस्ट में इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के दो गेंदबाजों का नाम शामिल हो गया है। इन दोनों ने 2015 में युजवेंद्र चहल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
2015 में युजवेंद्र चहल ने पूरे सीजन के दौरान 28 छक्के खाए थे और मोहम्मद सिराज और वनिंदु हसरंगा भी इस मामले में अब उनके कंधे से कंधा मिला चुके हैं। हसरंगा और सिराज दोनों ने इस सीजन में 28-28 छक्के लुटाए हैं। हसरंगा फिलहाल पर्पल कैप की दौड़ में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अभी तक इस सीजन में कुल 25 विकेट चटकाए हैं। हसरंगा का इकॉनमी रेट 7.62 का रहा है। वह बहुत महंगे साबित नहीं हुए हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी पर विरोधी टीम के बल्लेबाजों ने काफी छक्के बटोरे हैं।
वहीं सिराज के लिए यह सीजन अभी तक काफी खराब रहा है। सिराज ने 14 मैचों में 9.85 के इकॉनमी रेट से रन लुटाए हैं और महज नौ विकेट लिए हैं। सिराज की लय इस सीजन में टूटी हुई नजर आई और विरोधी बल्लेबाजों ने इसका जमकर फायदा भी उठाया है। आईपीएल 2022 का एलिमिनेटर मैच बुधवार को आरसीबी और लखनऊ सुपर जायन्ट्स के बीच खेला गया था। आरसीबी ने 14 रनों से मैच जीतकर दूसरे क्वॉलिफायर में जगह बना ली है, जहां उनका मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होना है। जो भी टीम जीतेगी वह 29 मई को फाइनल में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी।

पाठको की राय