Monday, October 19th, 2026

10 फीसदी वोट का 'मोदी मंत्र'! BJP बैठक में संगठन नेताओं को मिला 2024 के चुनाव के लिए ये टास्क

नई दिल्ली.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नजरें 2024 के लोकसभा चुनाव में 'भारी' जीत हासिल करने पर टिकी हैं. इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठन के प्रमुख नेताओं से पार्टी का वोट प्रतिशत 10 प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में काम करने को कहा है. सूत्रों ने बताया कि शनिवार (23 द‍िसंबर) को दो दिवसीय मंथन बैठक के समापन के दिन बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि विपक्ष 'स्तब्ध' हो जाए.

बीजेपी ने पिछले आम चुनावों में 543 सदस्यीय लोकसभा में से 303 सीटें जीती थीं. विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' और बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई की संभावना के चलते प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में 2019 के चुनावों की तुलना में बीजेपी के वोट प्रतिशत में वृद्धि करने का आह्वान किया. साल 2019 के चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी को 37 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे जबकि उसके नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को करीब 45 प्रतिशत वोट मिले थे. साल 2014 में केंद्र में सत्ता में आने के बाद से, बीजेपी ने विधानसभा चुनावों में अपने वोट प्रतिशत को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किया है और कुछ चुनावों में उसे सफलता भी मिली. अम‍ित शाह ने हाल ही में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रदर्शन का उल्लेख किया और 50 प्रतिशत वोट हासिल करने के लक्ष्य के लिए राज्य संगठन की सराहना की. सूत्रों ने बताया कि मोदी की तरह शाह ने भी चुनावों में संगठन की प्रमुखता को रेखांकित किया और कहा कि पार्टी को इतनी 'भारी' जीत मिलनी चाहिए कि विपक्ष उसे चुनौती देने से पहले कई बार सोचे.

4 सबसे बड़ी जातियों को जोड़ने पर बल    
प्रधानमंत्री ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों तक पहुंचने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिन्हें वह अक्सर 4 सबसे बड़ी 'जातियां' बताते रहे हैं. उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन लोगों को 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' से जोड़ें, जिसका उद्देश्य उनकी सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं को शत प्रतिशत पूरा करना है. न्होंने विपक्ष पर झूठ का सहारा लेने और फर्जी विमर्श फैलाने का आरोप लगाया लेकिन विश्वास जताया कि लोग मोदी को ही चुनेंगे और केंद्र में लगातार तीसरा कार्यकाल सौंपेंगे.

हर जगह बूथ समितियों को मजबूत करने का आह्वान
पार्टी के शीर्ष नेताओं ने अपने भाषणों में बीजेपी पदाधिकारियों से हर जगह अपनी बूथ समितियों को मजबूत करने के लिए कहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसके स्थानीय कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें. राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की जीत पर अध्‍यक्षों की ओर से विचार रखे गए. बीजेपी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'नयी दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में सम्मिलित हुआ. इस अवसर पर मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में संगठन के किए गये विभिन्न नवाचारों व प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट पाने की गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की.' बैठक में अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर भी चर्चा हुई. पार्टी को विश्वास है कि चुनाव में यह उसके पक्ष में एक बड़ा मुद्दा होगा. पार्टी के विभिन्न 'मोर्चों' ने चुनाव से पहले अपने आगामी कार्यक्रमों के बारे में विचार रखे.

 

#BJP meeting#task elections#10 percent votes

Source : Agency

पाठको की राय