Thursday, October 22nd, 2026

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण देने विधायक व अधिकारी पहुंचे विभिन्न राज्यों में अधिकारी

रायपुर
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 28 से 30 अक्टूबर तक रायपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए विधायक व अधिकारी विभिन्न राज्यों में पहुंचकर वहां के मुख्यमंत्री, मंत्रियों, राज्यपाल, उपराज्यपाल को आमंत्रण पत्र देकर यहां आने का आग्रह किया। इसी के तहत लद्दाख के उप राज्यपाल को आमंत्रित किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप एवं विधायक संतराम नेताम ने लद्दाख पहुंचकर वहां के उप राज्यपाल का आमंत्रण पर्यटन सचिव को सौंपा। इस मौके पर कश्यप ने पर्यटन सचिव से छत्तीसगढ़ सरकार का आमंत्रण उप राज्यपाल को देने का आग्रह किया। हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष कश्यप ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की आदिवासी कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी राज्यों की आदिवासी संस्कृति को मंच प्रदान करना है।

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री को दिया आमंत्रण
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री थिरू एन रंगास्वामी को आज छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी धु्रव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से गए प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। विधायक डॉ. लक्ष्मी धु्रव ने मुख्यमंत्री एवं पुडुचेरी के प्रशासकि अधिकारियों से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी राज्यों की आदिवासी संस्कृति को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आदिवासी संस्कृति को विश्व पटल पर लाने के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि मंडल ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सांस्कृतिक दलों को रायपुर भेजने का भी आग्रह किया। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पुडुचेरी गए प्रतिनिधि मंडल में धरसींवा की विधायक श्रीमती अनिता शर्मा, संचालक पशुपालन श्रीमती चंदन त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. रेशमा खान शामिल थीं।

मिजोरम के मुख्यमंत्री को नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव में शामिल होने किया आमंत्रण
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिजोरम के मुख्यमंत्री जोराम थंगा को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं विधायक लखेश्वर बघेल एवं प्रकाश नायक मिजोरम की राजधानी आईजोल पहुंचकर मुख्यमंत्री जोराम थंगा से भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने आमंत्रण दिया। उन्होंने मिजोरम के मुख्यमंत्री से राज्य के सांस्कृतिक दलों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रायपुर भेजने का भी आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 28 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं एक नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आयोजन रायपुर में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निदेर्शानुसार उक्त दोनों कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों एवं प्रशासक गणों को आमंत्रित किए जाने के सिलसिले में बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल एवं रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक मिजोरम के मुख्यमंत्री को आमंत्रित आईजोल गए थे। उन्होंने इस मौके पर मिजोरम के मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आदिवासी कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री जोराम थंगा ने आमंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री को न्यौता
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जशपुर विधायक विनय भगत ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं एक नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निदेर्शानुसार उक्त दोनों कार्यक्रमों में बतौर अतिथि देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों एवं प्रशासक गणों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में विधायक भगत आज देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।  विधायक भगत ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आदिवासी कला और संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने आमंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया। इस मौके पर विधायक भगत ने उनसे राज्य के संस्कृतिक दलों को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भाग लेने के लिए रायपुर भेजने का भी आग्रह किया।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री किया आमंत्रण
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से संसदीय सचिव चन्द्रदेव प्रसाद राय ने आमंत्रण दिया। उन्होंने इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर को आयोजित राज्योत्सव में भी शामिल होने का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री ठाकुर ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आमंत्रित किए जाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।
संसदीय सचिव राय ने हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और उसके उद्देश्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया में पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राजधानी रायपुर 28-30 अक्टूबर तक होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर से हिमाचल के सांस्कृतिक दलों को भी राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भेजने का आग्रह किया।

त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दिया आमंत्रण
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री को आज संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद और डोंगरगढ़ के विधायक एवं अनुसूचित जाति प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश्वर बघेल ने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से न्यौता दिया। त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आमंत्रित किए जाने को लेकर त्रिपुरा सरकार की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।
संसदीय सचिव निषाद ने त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन और उसके उद्देश्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया में पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राजधानी रायपुर 28-30 अक्टूबर तक होगा। उन्होंने त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री से राज्य के आदिवासी कला संस्कृति से जुड़े दलों को भी राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भेजने का आग्रह किया। संसदीय सचिव निषाद ने उन्हें 01 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य अलंकरण समारोह में भी शामिल होने का आमंत्रण दिया।

दादर नगर हवेली और दमनदीव के प्रशासक को दिया न्यौता
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम ने दादर नगर हवेली एवं दमनदीव के प्रशासक प्रफुल्ल भाई पटेल से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। यहां यह उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 28 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव तथा एक नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निदेर्शानुसार उक्त दोनों कार्यक्रमों में बतौर अतिथि देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री एवं प्रशासक गणों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में विधायक बेंजाम ने प्रशासक प्रफुल्ल भाई पटेल से मुलाकात की और उन्हें राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया। प्रशासक प्रफुल्ल भाई पटेल ने आमंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया।

पंजाब के राज्यपाल विधायक शैलेश पाण्डेय ने दिया न्यौता
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा रायपुर में 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित को विधायक शैलेष पाण्डेय ने चंडीगढ़ पहुंचकर न्यौता दिया। विधायक पाण्डेय ने राज्यपाल पुरोहित को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आमंत्रण पत्र सौंपने के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से शाल-श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने पंजाब के राज्यपाल को छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण समारोह में शामिल होने का भी आमंत्रण दिया।

पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने छत्तीसगढ़ में होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के जन कल्याणकारी कार्यों को सराहा और राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में आमंत्रित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया। विधायक पाण्डेय ने राज्यपाल से छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में पंजाब और चंड़ीगढ़ का दल भेजने का अनुरोध भी किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत के निर्देश पर विधायक शैलेष पाण्डेय पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने चंडीगढ़ गए थे।

 

#MLAs

Source : Agency

पाठको की राय