Friday, October 23rd, 2026

विधायक निधि: लापरवाही-घपलेबाजी पर लगेगी लगाम, नजर रखने के लिए बनेगा निगरानी एप

भोपाल
प्रदेशभर में विधायक निधि से होंने वाले कामों की विधायक अब आॅनलाईन मानीटरिंग कर सकेंगे। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र विकास योजना पोर्टल तैयार हो चुका है और एमएलए लेड्स एप तैयार किया जा रहा है।

आमतौर पर विधायकों की शिकायत रहती है कि विधायक निधि से काम स्वीकृत करने और कलेक्टर को प्रस्ताव भेजने के बाद उन्हें उस काम की प्रगति, गुणवत्ता, उसके पूरा होंने की समयसीमा और प्रगति को देखने के लिए बार-बार अधिकारियों से पूछताछ करना पड़ता है। इसके बाद भी समय पर पूरी और सही जानकारी नहीं मिली पाती। इस समस्या के निराकरण के लिए योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने एक पोर्टल तैयार कर दिया है।

विधानसभा क्षेत्र विकास योजना पोर्टल (एमएलए लेडस) नामक इस पोर्टल पर विधायक लॉग इन कर विधायक निधि के सभी कामों की खुद मॉनीटरिंग कर सकेंगे। बाद में एक एप भी तैयार किया जाएगा जिसके जरिए विधायक मोबाइल पर ही अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत कामों की ताजा स्थिति खुद सीधे देख सकेंगे। प्रदेश में सबसे अच्छा काम करने वाले टॉप फाईव अफसरों का काम और पूरा ब्यौरा नाम सहित इस पोर्टल और एप पर देखा जा सकेगा।

हर जिले में आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में स्वीकृत सिविल वर्क, नान सिविल वर्क का पूरा ब्यौरा इस पोर्टल पर होगा। योजनावार, वर्षवार, ब्लॉक, ग्राम पंचायत वार जानकारी भी होगी। काम करने वाली एजेंसी का ब्यौरा भी यहां होगा।  इस एप के जरिए योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, विधायक, जिला कलेक्टर कार्यान्वयन एजेंसी और मध्यप्रदेश निर्वाचन क्षेत्र के नागरिक भी इसका लाभ उठा सकेंगे।

 

#MLA Fund

Source : Agency

पाठको की राय