Thursday, October 22nd, 2026

आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2022 को लेकर बोलीं मिताली राज- जिन क्षेत्रों में सुधार जरूरी था, हमने किया है

 न्यूजीलैंड

आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2022 का आगाज 4 मार्च को होना है और भारतीय टीम को पहला मैच 6 मार्च को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। विश्व कप में 22 साल पहले पहली बार हिस्सा लेने वाली मिताली राज टीम की अगुवाई कर रही हैं। वह इस टूर्नामेंट से पहले घोषणा कर चुकी हैं कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। मिताली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी बैटिंग से झंडे गाड़े हैं, लेकिन उनका सपना है कि वह देश के लिए वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतें और देश में इसको लेकर लंबी यात्रा करें। मिताली ने साथ ही कहा कि टूर्नामेंट से ठीक पहले टीम ने किन अहम क्षेत्रों में सुधार किया है।

मिताली न्यूजीलैंड में ही 2000 में खेले गए वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थीं। इसके दो दशक से भी अधिक समय बाद वह इसी देश में अपनी टीम की कप्तानी कर रही हैं। इस बीच 2017 में ऐसा समय भी आया जब उनकी टीम फाइनल में इंग्लैंड से हार गई थी। इसके अलावा वह 2005 में दूसरे स्थान पर रही टीम का भी हिस्सा थीं। मिताली ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, 'मैंने वर्ल्ड कप 2000 से लेकर लंबी राह तय की है। वह वर्ल्ड कप भी न्यूजीलैंड में ही खेला गया था। टाइफॉयड होने के कारण मैं उस वर्ल्ड कप के मैचों में नहीं खेल पाई थी। अब मैं फिर से यहां हूं। यह लंबी जर्नी रही है और मैं इसकी हैपी एंडिंग चाहती हूं।'

उन्होंने कहा, 'मैं चाहती हूं कि हमारे सभी खिलाड़ी वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करें। इससे भारत को यह प्रतिष्ठित कप हासिल करने में मदद मिलेगी।' भारत पिछली सीरीज में न्यूजीलैंड से 1-4 से हार गया था लेकिन मिताली ने कहा कि उनकी टीम 4 मार्च से 4 अप्रैल तक होने वाले वर्ल्ड कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, 'वर्ल्ड कप से पहले हम जिन क्षेत्रों में सुधार करना चाहते थे उन पर हमने पिछली सीरीज और उससे पहले के मैचों पर ध्यान दिया। टीम अब लगातार 250 से अधिक का स्कोर बना रही है और वर्ल्ड कप में भी हम इसे बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।'

 

#आईसीसी महिला वर्ल्ड कप

Source : Agency

पाठको की राय