Wednesday, October 21st, 2026

मिस यूनिवर्स इंडोनेशिया प्रतियोगिता के आयोजकों पर यौन उत्पीड़न का आरोप

जकार्ता
 मिस यूनिवर्स इंडोनेशिया प्रतियोगिता के आयोजन में हिस्सा लेने वाली छह युवतियों ने आयोजकों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि प्रतियोगिता के दौरान टॉपलेस बॉडी चेक के नाम पर आयोजकों ने उनके कपड़े उतरवाए। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। प्रतियोगिता का आयोजन पीटी कैपेला स्वास्तिका कार्या कंपनी ने किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस प्रतियोगिता का आयोजन 29 जुलाई से 3 अगस्त के मध्य राजधानी जकार्ता में किया गया। इसमें हिस्सा लेने वालीं छह युवतियों ने आरोप लगाया है कि आयोजकों ने उनमें से पांच को 20 से अधिक लोगों (पुरुष भी) के सामने एक कमरे में शारीरिक जांच के लिए अंतर्वस्त्र उतारने के लिए कहा और फोटोग्राफी की। मिस यूनिवर्स ऑर्गेनाइजेशन ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि उसे आरोपों से अवगत कराया गया है। इसकी जांच की जा रही है।

शिकायतकर्ता युवतियों की वकील मेलिसा एंगग्रेनी ने कहा कि आयोजकों ने युवतियों से जोर देकर कहा था कि यह जांच करनी होगी कि उनके शरीर पर कोई निशान तो नहीं हैं। एक शिकायतकर्ता ने कहा है कि उसे पैर फैलाकर पोज देने को कहा गया । उस समय वह बेहद असहज महसूस कर रही थी।

मिस यूनिवर्स इंडोनेशिया प्रतियोगिता की आयोजक कंपनी के संस्थापक पॉपी कैपेला ने इन आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। जकार्ता पुलिस के प्रवक्ता ट्रूनोयुडो विस्नु एंडिको ने कहा है कि छह युवतियों की शिकायत की जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया में यह प्रतियोगिता 1952 से हो रही है। मिस यूनिवर्स ऑर्गेनाइजेशन का इसका संचालन करता है। मिस यूनिवर्स ऑर्गेनाइजेशन का सह स्वामित्व 1996 और 2002 के बीच डोनाल्ड ट्रंप की कंपनी के पास रह चुका है।

दुनिया के सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया के धार्मिक समूह सौंदर्य प्रतियोगिताओं पर आपत्ति जताते रहे हैं। थाई सेलिब्रिटी मीडिया टाइकून और ट्रांसजेंडर अधिकारों के वकील जकापोंग ऐनी जकरजुताटिप ने पिछले साल 20 मिलियन डॉलर में मिस यूनिवर्स ऑर्गेनाइजेशन को खरीदा था।

 

 

#Miss Universe Indonesia pageant accused of sexual harassment

Source : Agency

पाठको की राय