Friday, October 23rd, 2026

मंत्री सारंग ने किया सांस्कृतिक मंचों का भूमि-पूजन

भोपाल

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आज गुरुवार को नरेला क्षेत्र के करोंद में सांस्कृतिक मंचों का भूमि-पूजन किया। सारंग ने भूमि-पूजन के अवसर पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेला के समग्र विकास के लिए वे कोई कसर नहीं छोडेंगे। चूँकि विकास कार्य एक सतत प्रक्रिया है, इसलिए विकास कार्य लोगों की जरूरत के हिसाब चलते रहते हैं। सारंग ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और जल निकास को लेकर क्षेत्र में बहुत कार्य हुए हैं। पार्कों का उन्नयन, व्यायाम शालाएँ, सामुदायिक भवनों और खेल मैदानों का भी विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि भोपाल के नरेला क्षेत्र में ही थीम आधारित पार्कों का निर्माण उन्होंने कराया है। उनमें नर्मदा पार्क और स्वामी विवेकानंद पार्क प्रमुख हैं। इसी कड़ी में सांस्कृतिक मंचों के निर्माण भी कराये गए हैं। कुछ स्थानों पर आज भूमि-पूजन किये गए हैं।

सारंग ने कहा कि बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए क्षेत्र में फ्लाई ओवर्स का निर्माण कराया जा रहा है। दो फ्लाई ओवर्स पर यातायात शुरू हो चुका है। सुभाष नगर फ्लाई ओवर भी बनकर तैयार है, जल्दी ही उसका लोकार्पण होगा और यातायात शुरू हो जायेगा। देवकी नगर करोंद में फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य चल रहा है, जो जल्दी ही बनकर तैयार होगा। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्त्ता विजय सिंह, राधाकृष्ण नायक, स्वामी विवेकानंद मंडल अध्यक्ष नीरज पचौरी, शहीद भगत सिंह मंडल अध्यक्ष ब्रजेश सिंह राजपूत सहित गणमान्य नागरिक और कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

 

#भूमि-पूजन

Source : Agency

पाठको की राय