एसएचजी समूहों के प्रशिक्षण के लिये आवासीय परिसर का करेंगे प्रबंध-मंत्री पटेल
भोपाल
किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कार्यक्रम में हरदा से शामिल हुए। कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं के प्रशिक्षण के लिये हरदा में आवासीय परिसर का प्रबंध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षित करने और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिये हरदा जिला पंचायत द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है।
कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्व-सहायता समूह की महिलाओं के परिवार के लिये आयुष्मान कार्ड बनाने उनके परिवार का प्रधानमंत्री जीवन-सुरक्षा बीमा योजना में बीमा करवाने के विशेष प्रयास कर रही है। पटेल ने कहा कि जिले की महिलाएँ संगठित रूप में सिलाई, बुनाई, कढ़ाई और कई अन्य उद्यमों में बेहतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरदा जिले के स्व-सहायता समूह मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान पर आयेंगे। कार्यक्रम में "मध्यप्रदेश-डे" राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीष निषाद, जनपद पंचायत खिरकिया के उपाध्यक्ष सुदीप पटेल एवं अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

पाठको की राय