Saturday, October 24th, 2026

मिमी मजूमदार बाढ़ग्रस्त इलाके का करने गईं दौरा; बुजुर्ग महिला से भाजपा विधायक ने धुलवाए पैर, अब बोलीं- बेटी समझकर किया

अलरतला
त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक के पैर धोती एक गरीब महिला का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक को लोगों के गुस्से और आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। यह घटना उस समय हुई जब बधारघाट की विधायक मिमी मजूमदार ने गुरुवार रात पश्चिम त्रिपुरा में अपने निर्वाचन क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाके सूर्यपाड़ा का दौरा किया।  दूसरी ओर विधायक ने दावा किया है कि महिला ने प्रेम और स्नेहवश उनके पैर धोए थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भारती देबनाथ नामक एक महिला मिमी मजूमदार के पैर साबुन और पानी से धोते हुए और एक तौलिये से सुखाते हुए दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं की है। महिला ने विधायक द्वारा इलाके का निरीक्षण पूरा कर लेने के बाद उनके पैर धोए।

मिमी बोलीं- मुझे बेटी मानकर महिला ने धोए पैर
गौरतलब है कि बधारघाट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की पूर्व प्रधानाध्यापिका मिमी मजूमदार 2019 में विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट हासिल करने से कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुई थीं। मिमी मजूमदार ने इस घटना को लेकर कहा, 'बुजुर्ग महिला ने एक विधायक के प्रति प्यार और स्नेह के कारण मेरे पैर धोए। महिला ने मुझे अपनी बेटी मानकर यह किया। इसे नकारात्मक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। इससे पता चलता है कि एक विधायक अच्छा काम करके लोगों से कितना सम्मान प्राप्त कर सकता है। मेरा मानना है कि आज की दुनिया में किसी को भी किसी के पैर धोने या ऐसा कुछ करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता है।'  

 

 

#Mimi Majumdar

Source : Agency

पाठको की राय