Tuesday, October 20th, 2026

बहुत ही लाभदायक हैं सही समय पर दूध का सेवन

जिन लोगों को दूध पसंद है उनके लिए दूध पीने का वैसे तो कोई समय नहीं होता लेकिन अगर सेहत की बात की जाए तो आयुर्विज्ञान में माना जाता है कि गाय के दूध को पीने का सही वक्‍त दरअसल रात होनी चाहिए. आयुर्विज्ञान के मुताबिक, दूध में स्‍लीप इंड्यूसिंग गुण होते हैं और यह सुपाच्‍य नहीं होता जिस वजह से इसे सुबह पीने की सलाह नहीं दी जाती है. हालांकि अगर साइंटिफिक रिसर्च की बात की जाए तो इसे लेकर कोई खास शोध नहीं दिखाई पड़ता है. विज्ञान के मुताबिक यह पूरी तरह से आपके सेहत और डायजेशन सिस्‍टम पर निर्भर करता है कि आप कब दूध पिएं. तो आइए जानते हैं इसका सेवन कब किया जाए.

सुबह पीने से क्‍या हैं फायदे
दूध में कई पोषक तत्‍व हैं जिसे अगर सुबह के नाश्‍ते में शामिल किया जाए तो यह कई तरह से स्‍वास्‍थ्‍य लाभ पहुंचा सकता है. उदाहरण के तौर पर, यह आपके बोन्‍स को मजबूत बनाता है, इसमें मौजूद कैल्शियम, पोटैशियम, फॉस्‍फोरस, मैग्‍नीशियम, प्रोटीन, विटामिन्‍स जैसे ढेर सारे पोषक तत्‍व आ‍पको दिनभर एक्टिव रहने में मदद करते हैं.

सुबह दूध पीने से क्‍या हैं नुकसान
दूध सुपाच्‍य नहीं होता और इसे पचने में वक्‍त लगता है. ऐसे में जिनका पाचन तंत्र कमजोर है उन्‍हें सुबह दूध पीने पर दिनभर पेट भारी लगने की शिकायत रह सकती है.यही नहीं, कई लोगों को पेट में दर्द और इनडाइजेशन की समस्‍या भी हो सकती है.

रात में दूध पीने के फायदे
अगर आप रात को सोने से पहले दूध पीते हैं तो आपका पेट रात भर भरा रहता है और आपको भूख नहीं लगती है. जिस वजह से रात को भूख से नींद नहीं टूटती और आप आराम से सो पाते हैं. आयुर्वेद के मुताबिक, रात को गर्म दूध पीने से माइंड रिलैक्‍स रहता है और शरीर की मांसपेशियों में भी आराम मिलता है.जिस वजह से नींद अच्‍छी आती है.

रात में दूध पीने के क्‍या हैं नुकसान
जिन लोगों को लैक्‍टो इनटॉलरेंस की समस्‍या है उन्‍हें रात में दूध पीने से तो बिलकुल ही बचना चाहिए. यही नहीं, जिन लोगों को इंसुलिन की समस्‍या है उन्‍हें भी डॉक्‍टर की सलाह के बाद ही दूध का रात के वक्‍त सेवन करना चाहिए क्‍योंकि अगर आप रात को दूध पीते हैं तो हो सकता है कि आपका इंसुलिन लेवल बढ़ जाए.

तो कब पिएं दूध
हेल्‍थलाइन के मुताबिक, दूध को किस वक्‍त पीना बेहतर होता है इसका कही भी रिकमंडेशन नहीं मिलता लेकिन अगर आप वजन कम करना चाहते हैं या मसल्‍स मजबूत बनाना चाहते हैं तो वर्कआउट के बाद दूध पीना बेस्‍ट टाइम होता है.

 

Source : Agency

पाठको की राय