Thursday, October 22nd, 2026

MI vs RR: रविचंद्रन अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स की हार के लिए इसे ठहराया जिम्मेदार

मुंबई
राजस्थान रॉयल्स के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी टीम की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में मुंबई इंडियंस के हाथों पांच विकेट से हार के बाद कहा कि यदि ओस अहम भूमिका नहीं निभाती तो 159 रन का लक्ष्य पर्याप्त होता। मुंबई ने इस मैच में जीत दर्ज करके आखिरकार आईपीएल के 15वें सीजन में अपना खाता खोला तथा अपने कप्तान रोहित शर्मा को 35वें बर्थडे पर बेस्ट गिफ्ट दिया। मुंबई के सामने 159 रन का लक्ष्य था, जो उसने 19.2 ओवर में हासिल कर दिया। मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने 51 और तिलक वर्मा ने 35 रन बनाए।

अश्विन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मुझे लगता है कि यदि ओस ने भूमिका नहीं निभाई होती तो यह स्कोर पर्याप्त होता, लेकिन बहुत अधिक ओस पड़ रही थी, इसलिए लगा कि हमने 10-15 रन कम बनाए। 158 अच्छा स्कोर था। यह इससे जुड़ा था कि हमारी शुरुआत कैसे रही थी। हमने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन किया था और उनकी तुलना में एक विकेट अधिक लिया था।'

उन्होंने कहा, 'इसलिए यह चुनौतीपूर्ण स्कोर था और हमने इस सत्र में जो भी स्कोर बनाया उसका अच्छा बचाव किया। हार दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन ओस ने अहम भूमिका निभाई। गेंद ओवरपिच हो रही थी और स्पिनरों का उपयोग आखिर में नहीं किया जा सकता था। जब ओस प्रभाव डालती है तो ऐसा होता है। हमने अच्छा स्कोर बनाया था। यदि यह 10-15 रन अधिक होता तो अच्छा होता लेकिन आईपीएल में (एक टीम के) 14 मैचों में कभी ऐसा हो जाता है।'

राजस्थान ने मुंबई को पावरप्ले में कुछ खास नहीं करने दिया और दो विकेट भी लिए लेकिन कामचलाऊ गेंदबाज डेरिल मिचेल ने सातवें ओवर में 20 रन लुटा दिए। अश्विन ने मिचेल का बचाव करते हुए कहा, 'पिछले मैच में भी डेरिल मिचेल ने सातवां ओवर किया था। यह छठे गेंदबाज के लिए हमारी रणनीति का हिस्सा है, लेकिन आज यह नहीं चल पाई। कभी ऐसा होता है।' 

 

#R_Ashwin

Source : Agency

पाठको की राय