कोरोना के चलते प्रवास में प्रचारकों को सुरक्षा बरतने के संदेश
भोपाल
राष्टीय स्वयं सेवक (आरएसएस) संघ प्रदेश में बढते कोरोना के संकट को देखते हुए अपना प्रशिक्षण शिविर का कार्यक्रम स्थिगित कर सकता है। संघ लोगों को जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षिण शिविर आयोजित करता है। आरएसएस के एक अधिकारी के अनुसार अब तक अलग-अलग राज्यों में मई से लेकर जून तक संघ के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाने की योजना बनी हुई है। इसकी तैयारी भी चल रही है, परंतु तत्कालीन निर्णय उस समय की परिस्थिति और सरकारी दिशानिदेर्शों को ध्यान में रखते हुए लिए जाएंगे। पिछले वर्ष प्रशिक्षण शिविर को स्थगित कर दिया गया था। इस साल भी कोरोना तेजी से अपने पैर पसार रहा है ऐसे में आगामी प्रशिक्षण शिविरों को एक बार फिर टाला जा सकता है। प्रवास में सुरक्षा की सलाह
इधर, बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए संघ ने प्रचारकों व अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए प्रवास करने की सलाह दी है। भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने और बड़े कार्यक्रम का आयोजन नहीं करने के लिए कहा गया है। समय-समय पर सरकार की ओर से जारी दिशानिदेर्शों का पालन करने के लिए कहा गया है।

पाठको की राय