Saturday, October 24th, 2026

धार में बनेगा श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी का स्मृति स्थल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनसंघ के संस्थापक सदस्य और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी को समर्पित स्मृति स्थल का निर्माण धार में किया जाएगा। साथ ही उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं और विचारों को समाज के सम्मुख लाने के लिए भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में गैलरी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म-जयंती पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यह बात कही।

ठाकरे जी की सादगी और न्यूनतम संसाधनों में समाज को अधिकतम योगदान देने की कार्यशैली अनुकरणीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित किया। उनके र्निलिप्तता से प्रजातंत्र की स्थापना और सुशासन के लिए किए गए कार्य प्रदेश ही नहीं, देश की धरोहर हैं। उनकी सादगी और न्यूनतम संसाधनों में समाज को अधिकतम योगदान देने की कार्यशैली और संगठन को विस्तार देने की क्षमता सदैव प्रेरणा बनकर सभी का पथ आलोकिक करती रहेगी।

सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय ठाकरे जी की शुचिता, परिश्रम और सेवा भाव सबको साथ लेकर चलने की क्षमता और परस्पर सहयोग निधि से संगठन को चलाने व विस्तार देने की कार्य-प्रणाली आदर्श कार्यकर्ता का अद्भुत उदाहरण और हम सबके लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय सहित जन-प्रतिनिधियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

 

 

#Chief Minister Dr. Yadav

Source : Agency

पाठको की राय