Tuesday, October 20th, 2026

आज से मथुरा-बरेली राजमार्ग दो दिन रहेगा बंद

हाथरस
पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज रेल खंड पर चल रहे मरम्मत कार्य को लेकर आज से दो दिन तक मथुरा बरेली राजमार्ग बाधित रहेगा। मैंडू के निकट की मुख्य क्रासिंग संख्या 301ए को दो दिन के लिए बंद रखा जाएगा। इससे मथुरा बरेली राजमार्ग के तमाम वाहनों को अपना रास्ता बदलना होगा। इस मार्ग पर अब बड़े वाहनों को सिकंदराराऊ से अलीगढ़ होकर हाथरस आना होगा। जो अपने आप में बड़ी परेशानी होगी। मथुरा बरेली राजमार्ग के बीच से गुजरने वाली रेलवे की मैंडू के निकट क्रासिंग संख्या 301ए को आज सुबह आठ बजे से कल शाम पांच बजे तक के लिए बंद किया गया है। इस क्रासिंग से हर रोज दो लाख से अधिक वाहन आदि का आवागमन होता है। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले दो पहिया वाहनों को मैंडू कस्बा से होकर लगभग चार किलोमीटर का फेरा लेते हुए क्रासिंग संख्या 299 का प्रयोग करना होगा।

वहीं बड़े वाहनों के सिकंदराराऊ से अलीगढ़ के लिए डायवर्ट कर हाथरस लाए जाने की कवायद की जाएगी। वहीं अन्य वाहनों को गांव आदि से निकलने वाले छोटे रास्तों का प्रयोग करना होगा। रेलवे के इस मरम्मत कार्य से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित होगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ धर्मेंद्र कुमार केन ने वाहनों को नियंत्रित किए जाने के लिए आरपीएफ हाथरस सिटी, थानाध्यक्ष हाथरस जंक्शन, थानाध्यक्ष यातायात पुलिस हाथरस के अलावा प्रबंधक ट्रांसपोर्ट यूनियन हाथरस को सूचना दी है।

 

#Mathura-Bareilly highway

Source : Agency

पाठको की राय