Wednesday, October 21st, 2026

128 साल में मार्कस हैरिस का औसत सबसे कम, फिर भी मेलबर्न टेस्ट में मिलेगा मौका

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं, लेकिन हेड कोच जस्टिन लैंगर के लिए यह चिंता का विषय नहीं है। हैरिस पिछली 14 पारियों से अर्धशतक नहीं बना पाए हैं। उनका टेस्ट औसत 22.19 है, जो 128 वर्ष में ऑस्ट्रेलिया के किसी नियमित सलामी बल्लेबाज का न्यूनतम औसत है। इंग्लैंड के खिलाफ वर्तमान एशेज सीरीज में वह चार पारियों में केवल 38 रन बना पाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनका टेस्ट औसत केवल 10.66 है। इसके बावजूद लैंगर रविवार से शुरू होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए उन्हें नहीं बदलना चाहते हैं। लैंगर ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस से कहा, 'वह टेस्ट में खेलेगा। इसको लेकर कोई चिंता नहीं है।' उन्होंने कहा, 'यह उसका घरेलू मैदान है। उसने एमसीजी में काफी क्रिकेट खेली है। उसने अभी तक उतने रन नहीं बनाए हैं जितने वह बनाना चाहता है, लेकिन उसने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह अच्छा खेलेगा और डेविड वॉर्नर के साथ अच्छी साझेदारी निभाएगा।' ऑस्ट्रेलिया पांच मैचों की सीरीज में अभी 2-0 से आगे चल रहा है।

 

 

#Marcus Harris

Source : Agency

पाठको की राय