Wednesday, October 21st, 2026

उत्तर प्रदेश के गोंडा में आज दोपहर को हुए रेल हादसे के बाद कई ट्रेन कैंसिल हुई

नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के गोंडा में गुरुवार दोपहर को हुए रेल हादसे के बाद कई ट्रेन कैंसिल कर दी गई है। जबकि, कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। मौके पर राहत और बचाव का कार्य चल रहा है। यात्रियों के लिए स्पेशल रेक और बस की सुविधा मुहैया कराई गई है।यात्रियों को बस से पास के ही मनकापुर स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां से उन्हें दूसरी ट्रेन में बैठाकर रवाना किया जाएगा। रेल मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक दो ट्रेन कैंसिल की गई है और 11 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। गोंडा स्टेशन गोरखपुर, बिहार, असम के लिए एक मुख्य मार्ग है। जहां से रोजाना सैकड़ों ट्रेनें गुजरती हैं। इस हादसे के बाद रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। जिस पर लोग कॉल कर अपने परिवारजनों का हाल-चाल और उनकी लोकेशन जान सकते हैं।

बता दें कि चंडीगढ़ से असम जा रही डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के तमाम उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रेलवे की तरफ से डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए स्पेशल रेक की व्यवस्था की गई है। स्पेशल ट्रेन मनकापुर से डिब्रूगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी। इस घटना पर लगातार रेल मंत्रालय अपनी नजर बनाए हुए है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए।

इस खंड पर चलने वाली 15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन कर मनकापुर-अयोध्या-बाराबंकी के रास्ते चलाई जा रही है। वहीं, 15653 गुवाहाटी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन कर मनकापुर-अयोध्या-बाराबंकी के रास्ते चलाई जा रही है। रेल यात्रियों की मदद एवं अन्य जानकारी के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

 

#After the Gonda rail accident

Source : Agency

पाठको की राय