Thursday, October 22nd, 2026

सरयू, राप्ती सहित कई नदियां हुईं विकराल, सैकड़ों गांव पानी से घिरे

 
गोरखपुर/बस्ती। 

गोरखपुर-बस्ती मंडल में सरयू, राप्ती, गोर्रा, आमी सहित आधा दर्जन से ज्यादा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गांव के गांव जलमग्न हो गए हैं। आवागमन बाधित है। तटीय इलाकों में दहशत व्याप्त है। प्रशासन को नावें लगानी पड़ी हैं। पशुओं के चारे का संकट गहरा गया है। वहीं लगातार बारिश से शहरी इलाकों में भीषण जलजमाव से लोग दुश्वारियां झेल रहे हैं। गली-मोहल्लों, सड़कों पर कई फुट पानी जमा है। लोगों के घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है। स्कूल-कॉलेज, सरकारी दफ्तर से लेकर अस्पताल तक जलभराव है।

गोरखपुर में सरयू, राप्ती और गोर्रा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। रोहिन और कुआनो का पानी भी तेजी से बढ़ रहा है। बाढ़ से जिले के 125 गांव प्रभावित हैं। ग्रामीणों की मदद के लिए 154 नावें लगाई गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा गांवों में राहत सामग्री बंटवाई जा रही है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने पशुओं के साथ बंधों पर आ गए हैं। पशुओं के लिए चारे की भी व्यवस्था कराई जा रही है। शहर के कई मोहल्ले जलभराव से जूझ रहे हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी जलभराव हो गया है। डॉक्टरों के आवास तक पानी पहुंच गया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय