Monday, October 19th, 2026

मन की बात: पीएम मोदी ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को किया याद, ओमिक्रॉन पर कही ये बात...

नई दिल्ली
'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना का एक नया वैरिएंट ओमिक्रॉन देश में दस्तक दे चुका है. इस वैश्विक महामारी को परास्त करने के लिए एक नागरिक के तौर पर हमारा खुद का प्रयास बहुत महत्वपूर्ण है. हमें सावधान रहना पड़ेगा. हमारी सामूहिक शक्ति ही कोरोना को परास्त करेगी, इसी दायित्वबोध के साथ हमें 2022 में प्रवेश करना है.

उन्‍होंने कहा कि ये जनशक्ति की ही ताकत है, सबका प्रयास है कि भारत 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी से लड़ सका. हम हर मुश्किल समय में एक दूसरे के साथ, एक परिवार की तरह खड़े रहे. वैक्‍सीन की 140 करोड़ डोज के पड़ाव को पार करना, प्रत्येक भारतवासी की अपनी उपलब्धि है.

एक चिट्ठी का जिक्र
एक चिट्ठी का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस चिट्ठी को पढ़कर मेरे मन में पहला विचार आया कि सफलता के शीर्ष पर पहुंच कर भी वो जड़ों को सींचना नहीं भूले. दूसरा कि जब उनके पास जश्न मनाने का समय था तो उन्होंने आने वाली पीढ़ियों की चिंता की. उन्होंने कहा कि वरुण सिंह उस हेलीकॉप्टर को उड़ा रहे थे जो इस महीने तमिलनाडु में हादसे का शिकार हो गया. इस साल अगस्त में ही उन्हें शौर्य चक्र दिया गया था। इस सम्मान के बाद उन्होंने अपने स्कूल के प्रिंसिपल को एक चिट्ठी लिखी थी.

आज़ादी के अमृत महोत्सव का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि आज़ादी का अमृत महोत्सव हमें आज़ादी की जंग की स्मृतियों को जीने का अवसर देता है, उसको अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है. ये देश के लिए नए संकल्प लेने, कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति दिखाने का प्रेरक उत्सव है.

स्वच्छता और स्वच्छ भारत का हमारा संकल्प अनुशासन से, सजगता से, और समर्पण से ही पूरा होगा. हम एनसीसी कैडेट्स (NCC Cadets) द्वारा शुरू किए गये पुनीत सागर अभियान में भी इसकी झलक देख सकते हैं. मुझे साफवाटर नाम से एक स्‍टार्ट-अप के बारे में पता चला है. ये आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस और इंटरनेट ऑफ थिंग्स की मदद से लोगों को उनके इलाके में पानी की शुद्धता से जुड़ी जानकारी देगा. इस स्‍टार्ट-अप को एक ग्‍लोब अवार्ड भी मिला है.

 

#Mann Ki Baat

Source : Agency

पाठको की राय