दिल्ली का शिक्षा मॉडल दुनिया के सामने रखेंगे मनीष सिसोदिया
नई दिल्ली
दिल्ली के शिक्षा मॉडल को लेकर वैश्विक पटल पर भी चर्चा होगी। अपने शिक्षा मॉडल को दुनिया के सामने रखने खुद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया दुबई जा रहे हैं। तीन दिवसीय दौरे पर वह रिवायर्ड शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वह दुनिया के नेताओं व शिक्षाविदों को दिल्ली के शिक्षा मॉडल के बारे में बताएंगे।
इसमें खासतौर से एस्टोनिया, इटली, बांग्लादेश और सऊदी अरब के शिक्षा मंत्रियों के साथ शिक्षा में नवीनता विषय पर चर्चा होगी। सिसोदिया के साथ शिक्षा विभाग के कई अधिकारी भी इस समूह में शामिल होंगे।
दुबई में आयोजित हो रहे इस सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में पीसा की रैंकिंग में प्रथम स्थान पाने वाले एस्टोनिया के शिक्षा मंत्री लीना केर्सन सहित अनेक प्रमुख वैश्विक नेता शिरकत करेंगे। दुनियाभर से आए शिक्षाविदों, संस्थानों, नीति-निर्माताओं और राजनेताओं के सामने मनीष सिसोदिया केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली के शिक्षा मॉडल में अपनाए गए माइंडसेट करिकुलम व हैप्पीनेस करिकुलम को लेकर बात करेंगे। सिसोदिया दिल्ली के स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं में किए गए सुधार के अलावा देशभक्ति पाठ्यक्रम समेत अन्य पर चर्चा करेंगे।

पाठको की राय