मनीष नरवाल और सिंहराज अडाना का धमाका, भारत को एक साथ दिलाया गोल्ड और सिल्वर मेडल
टोक्यो
जापान की राजधानी टोक्यो में खेले जा रहे पैरालंपिक खेलों में शनिवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा। यहां भारत के मनीष नरवाल और सिंहराज ने शूटिंग के P4 मिक्सड 50 मीटर पिस्टल SH1 में क्रमश: गोल्ड और सिल्वर मेडल पर निशाना साधा। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा बैडमिंटन में प्रमोद भगत और सुहास यथिराज ने फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। बैडमिंटन मेन्स सिंगल्स के SL3 क्लास के सेमीफाइनल में प्रमोद ने जापान के दाइसूके फुजिहारा को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, वहीं सुहास ने SL4 क्लास के सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के सेतियावान फ्रेडी को सीधे गेमों में हराया।
पैरालंपिक खेलों में शनिवार को भारत के मनीष नरवाल ने शूटिंग के P4 मिक्सड 50 मीटर पिस्टल SH1 में गोल्ड मेडल पर निशाना साधा, वही इसी इवेंट में सिंहराज ने सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। इसी के साथ इन खेलों में भारत के कुल मेडलों की संख्या 15 हो गई है।
भारत के पैरा खिलाड़ी तरुण ढिल्लों को एक रोमांचक और करीबी मैच में लुकास मजूर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। तरुण के पास अब ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका है।
एक ही कैटगरी में भारत के दो मेडल
भारत के मनीष नरवाल और सिंहराज ने शूटिंग की मिक्सड 50 मीटर SH1 कैटेगरी में गोल्ड और सिल्वर अपने नाम किए हैं. मनीष नरवाल ने 218.2 का स्कोर कर गोल्ड पर कब्जा किया, वहीं सिंहराज 216.7 के स्कोर के साथ सिल्वर जीतने में कामयाब रहे. टोक्यो में भारत के पदकों की संख्या अब 15 हो गई है. ये दोनों ही शूटर हरियाणा के फरीदाबाद शहर के ही रहने वाले हैं. क्वालिफिकेशन दौर में मनीष सातवें नंबर पर रहे थे. जबकि सिंहराज चौथे नंबर पर थे. रूसी ओलिंपिक समिति के सर्जेइ मालिशेव ने 196.8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। इससे पहले क्वॉलिफाइंग दौर में अडाना 536 अंक लेकर चौथे और नरवाल 533 अंक लेकर सातवें स्थान पर थे। भारत के आकाश 27वें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह नहीं बना सके।
इस वर्ग में निशानेबाज एक ही हाथ से पिस्टल पकड़ते हैं क्योंकि उनके एक हाथ या पैर में विकार होता है जो रीढ की में चोट या अंग कटने की वजह से होता है। कुछ निशानेबाज खड़े होकर तो कुछ बैठकर निशाना लगाते हैं।
भारत का तीसरा गोल्ड
मनीष के गोल्ड जीतने के साथ ही टोक्यो खेलों में भारत के गोल्ड मेडलों की संख्या अब 3 हो गई है. मनीष से पहले अवनि लखेरा (Women's 10m Air Rifle SH1) और सुमित अंतिल (Men's Javelin Throw F64) ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था. भारत का ये पैरालंपिक खेलों में अबतक का सबसे शानदार प्रदर्शन है. भारत के नाम अबतक कुल 3 गोल्ड 7 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल हो चुके हैं.
प्रधानमंत्री ने भी दी बधाई
इन दोनों ही खिलाड़ियों को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है. पीएम मोदी ने दो अलग-अलग ट्वीट कर इन खिलाड़ियों को बधाई दी.

पाठको की राय