पहले फेज में 4 मैचों में मनन वोहरा ने बनाए थे सिर्फ 42 रन, अब यूएई में धमाल मचाने को तैयार
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन के दूसरे फेज की शुरुआत 19 सिंतबर से होने जा रही है। सभी टीमें यूएई पहुंच चुकी हैं और अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। टूर्नामेंट के पहले फेज में राजस्थान रॉयल्स की टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और 7 मैचों में टीम सिर्फ 3 में ही जीत हासिल कर सकी थी। सलामी बल्लेबाज के तौर पर मनन वोहरा ने टीम को अपने प्रदर्शन से काफी निराश किया था और सिर्फ 42 रन ही बना सके थे। हालांकि, वोहरा ने इस बार विश्वास दिलाया है कि वह यूएई की सरजमीं पर अपनी गलतियों से सबक लेकर दमदार प्रदर्शन करके दिखाएंगे। मनन ने राजस्थान रॉयल्स द्वारा अपलोड किए गए वीडियो में कहा, ''मैं थोड़ा निराश था क्योंकि मैंने महसूस किया कि मैं शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाया, हालांकि इसका मतलब है कि इससे मुझे काफी कुछ सीखने को मिला और मैं दूसरे चरण के लिए तैयार हूं। बेस्ट यह है कि हमारे टीम में सभी का मानना है कि टीम में एक बार फिर खिताब जीतने की क्षमता है, इसलिए हमारा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है लेकिन हम एक बार में एक मैच पर ध्यान देंगे।' अन्य क्रिकेटरों की तरह मनन का लक्ष्य भी देश के लिए खेलना है और उन्होंने कहा कि वह आगामी घरेलू सीजन में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, 'घरेलू क्रिकेट में खेल रहे सभी क्रिकेटरों का एक ही लक्ष्य होता है और मेरा भी यही है। मैं निश्चित तौर पर भारतीय टीम के लिए खेलना चाहता हूं। मुझे लगता है कि आने वाला सीजन मुझे एक बार फिर छाप छोड़ने का मौका देगा।' राजस्थान रॉयल्स को दूसरे फेज में अपने स्टार बल्लेबाज जोस बटलर की सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। उन्होंने निजी कारणों के चलते टूर्नामेंट में ना खेलने का फैसला किया है। वहीं, बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में विदेशी खिलाड़ी के नाम पर टीम को लियाम लिविंगस्टोन और क्रिस मोरिस से काफी उम्मीदें होंगी। लिविंगस्टोन ने हाल फिलहाल में द हंड्रेड में अपने प्रदर्शन से धूम मचाई थी और वह अपना दिन होने पर किसी भी गेंदबाजी अटैक को तहस-नहस कर सकते हैं। बटलर की जगह पर टीम में शामिल हुए ग्लेन फिलिप से भी राजस्थान को दमदार खेल की उम्मीद होगी।

पाठको की राय