Wednesday, October 21st, 2026

ममता बनर्जी बंगाल में राजनीतिक हिंसा पर घिरीं, दुनिया को देंगी शांति का संदेश, रोम से आया बुलावा

कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस साल अक्टूबर में रोम में आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। 6 और 7 अक्टूबर को संभावित इस सम्मेलन में पोप फ्रांसिस और जर्मन चांसलर एंजेला मार्केल जैसी हस्तियां भी शामिल होंगी। ममता बनर्जी को दुनिया को शांति का संदेश देने के लिए ऐसे समय पर आमंत्रित किया गया जब उनकी सरकार पर राजनीतिक हिंसा के आरोप लग रहे हैं। 'पीपल्स एज ब्रदर्स, फ्यूचर अर्थ'' शीर्षक वाले इस शामित सम्मेलन का आमंत्रण मुख्यमंत्री को रोम के कैथोलिक असोसिएशन सेंट इगिडिओ समुदाय के प्रमुख माक्रो इमपागलिओजो ने भेजा है। आमंत्रण में तृणमूल कांग्रेस की चीफ को हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में शानदार जीत की बधाई दी गई है तो यह भी कहा गया है कि उन्होंने सामाजिक न्याय के लिए महत्वपूर्ण काम किया है और एक दशक से शांति के लिए काम कर रही हैं।

खत में लिखा गया है, ''मैं आपकी प्रतिबद्धता और सबसे कमजोर के पक्ष में लड़ाई को मेरी, रोम और पूरी दुनिया में सेंट इगिडिओ समुदाय की संवेदनशीलता के करीब पाता हूं।'' ममता बनर्जी को यह आमंत्रण ऐसे समय पर भेजा गया है जब तृणमूल कांग्रेस केंद्र से बीजेपी को हटाने के लिए विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। पश्चिम बंगाल के एक नेता ने पहचान गोपनीय रखने की अपील करते हुए कहा, ''यह दिखाता है कि, पूरी दुनिया पश्चिम बंगाल चुनाव की ओर देख रही थी। यह साबित करता है कि शांति की रक्षा और मानवीय मूल्यों की रक्षा में ममता बनर्जी के स्टैंड को पूरी दुनिया देख रही है।'' नेता ने अपनी पहचान इसलिए जाहिर नहीं करने की अपील की क्योंकि खुद ममता बनर्जी ने अभी तक इस पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी है।
 

 

#ममता बनर्जी

Source : Agency

पाठको की राय