Sunday, October 25th, 2026

गडकरी से मिलीं ममता बनर्जी, बेहतर सड़कों की बताई जरूरत 

नई दिल्ली 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों दिल्ली में हैं। पिछले कुछ दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात के बाद गुरुवार को ममता, केंद्र सरकार में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिलने उनके आवास पर पहुंचीं।इस दौरान ममता बनर्जी ने नितिन गडकरी से पश्चिम बंगाल में उद्योगों और बेहतर सड़कों को लेकर मांग की। मुलाकात के बाद टीएमसी की शीर्ष नेता ने नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद इसका ब्यौरा भी दिया। गौरतलब है कि ममता बनर्जी पांच दिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंची हैं। आज उनके दौरे का चौथा दिन है। अभी तक वह राहुल, सोनिया समेत तमाम लोगों से मुलाकात कर चुकी हैं।
 
ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से राज्य में उद्योग-धंधों को लेकर बातचीत की। ममता के मुताबिक, मैंने नितिन गडकरी से कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में भी निर्माण फैक्ट्रियां होंगी तो बेहतर होगा। हमारे यहां पर इलेक्ट्रिक बसें, इलेक्ट्रिक ऑटो और इलेक्ट्रिक स्कूटर बनेंगे। ममता ने कहा कि मैंने उनसे बताया कि हमारे राज्य की सीमाएं, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और उत्तर-पूर्वी राज्यों से मिलती हैं। ऐसे में हमें बेहतर सड़कों की जरूरत है। 

 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री मीटिंग के लिए राजी हो गए हैं। उन्होंने मुझसे मुख्य सचिव को भेजने की बात कही है। कल होने वाली इस मीटिंग के दौरान पीडब्लूडी मंत्री, सेक्रेटरी, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी, नितिन गडकरी के डीजी और वह खुद वहां पर मौजूद होंगे। ममता ने कहा कि इस मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए वह अपने सचिव को भी भेजेंगी। गौरतलब है कि राज्य में चुनावी जीत के बाद पहली बार ममता दिल्ली पहुंची हैं।

 

#ममता बनर्जी

Source : Agency

पाठको की राय