Wednesday, October 21st, 2026

ममता बनर्जी ने अब सीधे चुनाव आयोग पर लगाया धांधली का आरोप

कोलकाता

बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान शुरू हुई बीजेपी और टीएमसी के बीच तकरार अभी तक जारी है। टीएमसी चीफ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार बीजेपी पर हमले करती रही हैं और अब उन्होंने एक बार फिर से आरोप लगाए हैं कि अगर बंगाल विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग ने बीजेपी की मदद न की होती तो राज्य में पार्टी 30 से ज्यादा सीटें न जीत पाती।

बंगाल विधानसभा में कार्यवाही के दौरान ममता बनर्जी ने कहा, 'मैंने जहां से चुनाव लड़ा वहां देखा, लोगों को डराया जा रहा था और उन्हें वोट करने से रोका जा रहा था। अगर चुनाव आयोग ने मदद न की होती तो बीजेपी 30 सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाती। मैं यह कह सकती हूं।' बता दें कि बीजेपी ने बंगाल में 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

अप्रैल माह में हुई वोटिंग के दौरान अपने चुनावी सीट नंदीग्राम का दौरा करने के बाद ममता बनर्जी ने कहा था कि केंद्रीय सुरक्षा बल लोगों को वोट देने से रोक रही है। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को फर्जी बताया था।

ममता बनर्जी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी के मौजूदा नेता किसी का सम्मान नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे अटलजी, आडवाणी जी, राजनाथ जी के साथ अच्छे रिश्ते ते लेकिन मौजूदा बीजेपी किसी का सम्मान नहीं करती। उन्हें दूसरों से बात करना नहीं आता।'

 

#ममता बनर्जी ने

Source : Agency

पाठको की राय