Saturday, October 24th, 2026

‘मामा का चला बुलडोजर’ तेजी से हो रहा वायरल, मान्या को दिया भोपाल आने का निमंत्रण

भोपाल। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगीनाथ पर बना सॉन्ग ‘यूपी में बाबा’ के हिट होने के बाद अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बना गाना ‘मामा का चला बुलडोजर’ तेजी से वायरल हो रहा है। इस गाने को प्रदेश में ही नहीं देशभर में खासा पसंद किया जा रहा है। मुख्यमंत्री को जब इस गाने के बारे में पता चला तो उन्होंने खुद इस गाने को अपनी आवाज देने वाली लोक गायिका बाल कलाकार मान्या पाण्डेय से बात की। गौरतलब है कि प्रदेश में इनदिनों अपराधियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। इसके बाद से मुख्यमंत्री को मामा के साथ ही बुलडोजर मामा से पुकारा जा रहा है।   

सरकार करवाएगी शिक्षा
मान्या की गायन प्रतिभा से प्रभावित होकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी संपूर्ण शिक्षा व संगीत की शिक्षा सरकार की ओर से करवाने की बात कही है। इतना ही नहीं सीएम ने मान्या को भोपाल आने का निमंत्रण दिया और कहा कि सरकार आपका सम्मान करेगी। इधर, सीधी जिले की मान्या पाण्डेय अभी 11 वर्ष की हैं और कक्षा सातवीं की छात्रा है। मुख्यमंत्री से बात करने के बाद मान्या पाण्डेय काफी हर्षित हैं और मुख्यमंत्री से मिली सौगातों से उनकी संगीत यात्रा काफी सुखद होगी।

बघेली के साथ वे बुंदेली, भोजपुरी, ब्रज, मैथिली, अवधी में भी है पकड़
मान्या के द्वारा गाए गए बघेली लोक गीतों को पूरे देश में काफी पसंद किया जाता है। बघेली के साथ वे बुंदेली, भोजपुरी, ब्रज, मैथिली, अवधी आदि में भी लोकगीत गाती हैं। उनकी सबसे खास बात यह है कि वे एक बार जिस गीत को सुन लेती हैं उसके बोल और धुन उन्हें याद हो जाती है। मान्या 5 वर्ष की उम्र से मंचीय प्रोग्राम कर रही हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय