Friday, October 23rd, 2026

मलिक ने इमाद वसीम पर जानबूझकर गेंदें बर्बाद करने का आरोप लगाया

कराची
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलीम मलिक ने इमाद वसीम पर भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में जानबूझकर गेंदें बर्बाद करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान की टीम न्यूयॉर्क में रविवार को खेले गए मैच में 120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 113 रन ही बना पाई। इस बीच उसने 59 गेंद पर कोई रन नहीं बनाया। भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता। वसीम ने 23 गेंद पर 15 रन बनाए।

मलिक ने कहा, ‘‘आप उसकी (वसीम) की पारी पर गौर करो तो ऐसा लगता है कि वह रन बनाने के बजाय गेंदें बर्बाद कर रहा है और लक्ष्य का पीछा करते हुए चीजों को मुश्किल बना रहा है।’’एक अन्य पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को लगता है कि पाकिस्तान की टीम में सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है तथा कुछ खिलाड़ियों को कप्तान बाबर आजम से शिकायत है।

अफरीदी ने कहा, ‘‘एक कप्तान सभी को साथ लेकर चलता है। वह या तो टीम को बर्बाद करता है या उसको अच्छा बना देता है। विश्व कप को समाप्त होने दो इसके बाद में खुलकर बात करूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शाहीन (अफरीदी) के साथ मेरा ऐसा रिश्ता है कि अगर मैं उसके बारे में बात करूंगा, तो लोग कहेंगे कि मैं अपने दामाद का पक्ष ले रहा हूं।’’

अफरीदी की बेटी की शादी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन के साथ हुई है जिन्हें विश्व कप से ठीक पहले कप्तान पद से हटा दिया गया था। उनके कप्तान रहते हुए पाकिस्तान ने केवल न्यूजीलैंड के खिलाफ एक श्रृंखला खेली।

 

 

#Imad Wasim has been accused

Source : Agency

पाठको की राय