फ़टे दूध से बनाएं टेस्टी कलाकंद
जब घर में रखा दूध फट जाता है. कुछ लोग इस फटे दूध से पनीर बना लेते हैं, तो कुछ इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. आज हम आपको फटे दूध से ऐसी टेस्टी मिठाई बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं, जो आपके मुंह का स्वाद ही बदल सकती है. दूध फटने पर आप उससे कलाकंद मिठाई बना सकते हैं. इसे बनाना काफी आसान है और इसमें ज्यादा सामान की भी जरूरत नहीं है. सॉफ्ट और दानेदार कलाकंद आप किसी को भी खिला सकते हैं. आइए जानते हैं फटे दूध से कलाकंद बनाने की रेसिपी..
कलाकंद बनाने का सामान
फटा दूध- डेढ़ किलो
कंडेंस्ड मिल्क- 200 ग्राम
मिल्क पाउडर- 2 चम्मच
कटा पिस्ता- 5 पीस
केसर के धागे- 5 से 7 पीस
कलाकंद बनाने का आसान रेसिपी
1. सबसे पहले दूध उबालें ताकि पानी और छेना अलग-अलग हो जाएं.
2. अगर दूध उबालने के बाद भी छेना अलग नहीं हुआ तो नींबू या सिरका मिलाने से छेना अलग हो जाएगा.
3. अब एक साफ और सूती कपड़े में छेना लेकर छान लें और उसे अलग रख लें.
4. अब छेना को अच्छी तरह धोकर इसका बासीपन दूर कर लें और अच्छे से उसका पानी निकाल लें.
5. एक बड़ा सा बाउल लेकर उसमें छेना रख लें और हाथ या ब्लेंडर में मैश करें.
6. अब इस बाउल में दो चम्मच दूध पाउडर, 200 ग्राम कंडेस्ड मिल्क और बाकी चीजें अच्छी तरह मिलाएं.
7. अब एक पैन लें और गैस पर रखकर उसमें पूरा मिश्रण डालकर कुछ देर तक पकाएं.
8. इसमें चीनी मिलाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कंडेस्ड मिल्क पहले से ही मीठा है.
9. पकाते समय ध्यान दें कि यह हार्ड न होने पाए. इसके बाद कलाकंद को घी लगी प्लेट में निकालें, अच्छे से सेट करें और आधे घंटे के लिए रख दें.
10. अब कलाकंद को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. पिस्ता और केसर गार्निश कर सर्व करें.

पाठको की राय