Thursday, June 18th, 2026

घर पर बनाएं राज कचौरी: आसान रेसिपी और स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

जब बात चाट की हो तो 'राज कचौरी' का नाम सुनते ही किसी के भी मुंह में पानी आ जाता है. यह सिर्फ एक स्नैक नहीं बल्कि अपने आप में पूरा मील है जो स्वाद और अलग-अलग टेक्सचर्स से भरपूर होती है. हालांकि लोग बाजार में जाकर राज कचौरी खाते हैं लेकिन घर पर भी इसे बनाया जा सकता है. राज कचौरी में डाले गए चाट मसाले, खट्टी-मीठी इमली की चटनी, काले नमक और मिर्च का यह कॉम्बिनेशन मुंह में स्वाद का ऐसा ब्लास्ट करता है जिसे भूलना मुश्किल होता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की सबसे आसान रेसिपी क्या है?

कचौरी का डो और स्टफिंग
राज कचौरी को एकदम क्रिस्पी बनाने के लिए सही डो (Dough) तैयार करना सबसे जरूरी स्टेप है. इसके लिए एक बड़े बाउल में आधा कप सूजी, डेढ़ चम्मच गेहूं का आटा, 1 चम्मच बेसन और 1 चम्मच घी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अब हल्के गुनगुने पानी की मदद से एक सख्त आटा गूंथ लें. गूंथे हुए आटे को एक गीले कपड़े से ढककर करीब 20 मिनट के लिए सेट होने के लिए छोड़ दें.

इस दौरान फिलिंग तैयार करने के लिए 2 घंटे पहले से भीगी हुई मूंग दाल को थोड़े से घी में पैन पर एक मिनट के लिए भून लें. ठंडा होने पर इसे मिक्सी में दरदरा पीस लें और इसमें हींग, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक मिला लें.

ऐसे तलें एकदम फूली और क्रिस्पी कचौरी
आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ें और उन्हें पूरी के आकार में बेलें. अब इसके बीच में एक चम्मच मूंग दाल की तैयार स्टफिंग भरें और चारों तरफ से अच्छी तरह बंद करके दोबारा हल्के हाथों से बेल लें. एक कड़ाही में रिफाइंड ऑयल को तेज आंच पर गर्म करें.

तेल गर्म होने पर कचौरी को उसमें डालें और आंच को मीडियम कर दें. कचौरी के ऊपर कलछी से तेल डालते रहें ताकि वह पूरी तरह फूल जाए. इसे दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई करें. बाहर निकालने के बाद इसे टिशू पेपर पर रखें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए.

असेंबलिंग और शाही गार्निशिंग
जब कचौरी थोड़ी ठंडी हो जाए तो उसके ऊपरी हिस्से के बीच में एक छेद करें. अब इसके अंदर उबले हुए आलू के टुकड़े, उबले काले चने और अंकुरित मूंग भरें. इसके बाद ऊपर से गाढ़ा फेंटा हुआ मीठा दही, हरी तीखी चटनी और इमली की खट्टी-मीठी चटनी डालें.

स्वाद को और बढ़ाने के लिए ऊपर से भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और काला नमक छिड़कें. आखिर में बारीक वाले बेसन सेव, क्रश की हुई पापड़ी, बारीक कटा प्याज और फ्रेश कटी धनिया पत्ती से इसे सजाएं. आपकी लाजवाब और शाही राज कचौरी सर्व करने के लिए तैयार है.

 

#recipe

Source : Agency

आपकी राय

11 + 14 =

पाठको की राय