Thursday, October 22nd, 2026

सभी किसान समन्वित प्रयास कर प्राकृतिक खेती में हरदा को बनाये अव्वल जिला: कृषि मंत्री पटेल

बारंगा में किसानों को प्राकृतिक खेती का दिलाया संकल्प
भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि हरदा जिले के किसान समन्वित प्रयास कर जिले को प्राकृतिक खेती में नंबर वन बनाये। उन्होंने गृह ग्राम बारंगा में किसानों को प्राकृतिक खेती करने का संकल्प दिलाया। मंत्री पटेल बुधवार को हरदा कलेक्ट्रेट के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष में उपस्थित किसानों एवं नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भोपाल में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम "गोवर्धन पूजा-प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महोत्सव" में हरदा से वर्चुअली शिरकत की।

कृषि मंत्री पटेल ने कहा है कि किसान प्राकृतिक खेती करें तथा रासायनिक खेती धीरे-धीरे कम करें। उन्होंने सभी नागरिकों से बिजली, पानी बचाने तथा गौ-माता के संरक्षण के लिये प्रयास करने और अपने खेत की मेढ़ों पर पौध-रोपण करने की अपील की। कृषि मंत्री ने कहा कि वे स्वयं अब 10 एकड़ में प्राकृतिक खेती करेंगे तथा अगले वर्षों में अपनी खेती शत-प्रतिशत प्राकृतिक पद्धति से ही करेंगे। उन्होंने अपील की कि फसल कटने के बाद पराली न जलाएँ। किसान अपनी फसल की ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग कराएंगें तो उनकी आय बढ़ेगी। मंत्री पटेल ने कलेक्टर ऋषि गर्ग से कहा कि जिले में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाए, जिससे अन्य किसान भी प्राकृतिक खेती के लिये प्रेरित हो। कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि प्रति हेक्टेयर गेहूँ, चना और मूंग उत्पादन में हरदा नम्बर वन जिला बना है। अब प्राकृतिक खेती के मामले में भी हरदा जिला नम्बर वन हो।

 

#Agriculture Minister Patel

Source : Agency

पाठको की राय