Thursday, October 22nd, 2026

बच्चों के उपचार और पुनर्वास की बेहतर व्यवस्था करें : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी

भोपाल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा है कि जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र में बच्चों में रोगों की पहचान, उपचार और थैरेपी (पुनर्वास) की बेहतर व्यवस्था की जाये। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी शुक्रवार को जे.पी. हॉस्पिटल परिसर में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र के नवीन भवन का लोकार्पण कर रहे थे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने केन्द्र में उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फीजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, आक्यूपेशनल थेरेपी, नेत्र परीक्षण आदि सेवाओं की व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। उन्होंने केन्द्र में उपस्थित बच्चों और उनके अभिभावकों से व्यवस्थाओं संबंधी चर्चा भी की। केन्द्र में 18 वर्ष तक के बच्चों में बीमारियों का चिन्हांकन, उपचार और जीवन कौशल उन्नयन के कार्य किये जा रहे हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में बच्चों को विकलांगता से बचाने के लिये वर्ष 2014 में इस केन्द्र की स्थापना की गई थी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी और विधायक पी.सी. शर्मा ने ह्रदय रोग के 4 बच्चों को उपचार के स्वीकृति-पत्र भी प्रदान किये।

एमडी एनएचएम श्रीमती प्रियंका दास ने केन्द्र में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी दी। पार्षद श्रीमती बृजुला सचान, क्षेत्रीय स्वास्थ्य संचालक डॉ. दिनेश कौशल, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी उपस्थित थे।

 

 

#Minister Dr. Chaudhary

Source : Agency

पाठको की राय