Tuesday, October 20th, 2026

महिंद्रा की इस कंपनी में हिस्सेदारी होगी 'शून्य', कंपनी 212 करोड़ रुपये में बेच रही अपनी पूरी हिस्सेदारी

नई दिल्ली

देश की व्हीकल मैन्युफैक्चरर महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने कहा कि वह महिंद्रा सैन्यो स्पेशल स्टील प्राइवेट लिमिटेड (Mahindra Sanyo Special Steel-MSSS) में अपने 34.75 लाख से अधिक शेयर जापान स्थित सैन्यो स्पेशल स्टील कंपनी लिमिटेड को 212 करोड़ रुपये में बेचने पर सहमत हो गई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने एक नियामक सूचना में कहा कि इस शेयर बिक्री के बाद एमएसएसएसपीएल में उसकी हिस्सेदारी 'शून्य' हो जाएगी। बिक्री किए जाने वाले शेयर महिंद्रा सान्यो स्पेशल स्टील प्राइवेट लिमिटेड (एमएसएसएसपीएल) में चुकता पूंजी का 22.81 प्रतिशत भाग है।

कंपनी ने क्या कहा?
मुंबई स्थित इस वाहन निर्माता कंपनी को अपनी हिस्सेदारी की बिक्री से 211.99 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। एमएंडएम ने कहा कि 31 मार्च, 2021 को समाप्त वर्ष के लिए एमएसएसएसपीएल का कारोबार 834.43 करोड़ रुपये का रहा, जो कंपनी के एकीकृत कारोबार का 1.12 प्रतिशत भाग है।

 
कंपनी के बारे में
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड एक भारतीय मल्टीनेशनल ऑटोमोटिव निर्माण निगम है जिसका मुख्यालय मुंबई में है। इसकी स्थापना 1945 में महिंद्रा एंड मुहम्मद के रूप में हुई थी और बाद में इसका नाम बदलकर महिंद्रा एंड महिंद्रा कर दिया गया था। महिंद्रा समूह का हिस्सा, एम एंड एम भारत में उत्पादन के हिसाब से सबसे बड़े वाहन निर्माताओं में से एक है। बता दें कि महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 865 रुपये का है। पिछले पांच कारोबारी सत्र में यह 4.96% चढ़ा है।

 

 

#महिंद्रा

Source : Agency

पाठको की राय