Friday, October 23rd, 2026

महाराष्ट्र में 'लॉकडाउन को लेकर फुल प्रूफ प्लान बना रहे', इसी सप्ताह लग सकता है लॉकडाउन 

 मुंबई  
महाराष्ट्र में हर दिन कोरोना वायरस के 50 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन जैसी कई पाबंदियों के बावजूद कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने लॉकडाउन लगाए जाने की पैरवी की है। राज्य सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, संभवतः बुधवार यानी 14 अप्रैल को राज्य में लॉकडाउन को लेकर फैसला ले लिया जाएगा और इससे पहले ही तालाबंदी के दौरान लागू किए जाने वाले नियम-कायदों पर विचार-विमर्श शुरू हो चुका है। खुद महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि उनकी सरकार ने लॉकडाउन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया है कि फिलहाल लॉकडाउन के दुष्प्रभावों को कम करने के उपायों पर चर्चा जारी है। 

खबरों के मुताबिक, बचाव के नियम-कायदों पर चर्चा के लिए सीएम उद्धव ठाकरे ने उप मुख्यमंत्री अजित पवार संग बैठक की। उद्धव सरकार फिलहाल इसपर भी विचार कर रही है कि राज्य में ऑक्सीजन आपूर्ति, दवाओं और ऐंटीवायरल रेमेडिसेविर की कमी को कैसे दूर किया जाए। इसके अलावा राज्य में कम दामों पर अनाज दिए जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। 

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री असलम शेख ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान किसे अनुमति दी जाए और कितने दिनों के लिए, इन सबको लेकर राज्य सरकार फुल-प्रूफ प्लान बना रही है। लॉकडाउन से पहले यदि लोग कहीं जाना चाहते हैं या फिर यहां आना चाहते हैं, उन्हें पर्याप्त समय मिलेगा। मंत्री ने केंद्र सरकार से भी मदद मांगी है। उन्होंने कहा, ''केंद्र अपने राजस्व का लगभग 50% मुंबई से कमाता है। हमारे प्रवासी कामगारों और छोटे स्तर के बिजनेसमैन की मदद करने के लिए हमें (केंद्र) समर्थन की आवश्यकता है। हम केंद्र से एक पैकेज देने का अनुरोध करते हैं और आगे हम भी इसमें योगदान देंगे।''
 

 

#महाराष्ट्र में 'लॉकडाउन

Source : Agency

पाठको की राय