Thursday, October 22nd, 2026

महाराष्ट्र: लाउडस्पीकर विवाद गहराया, मनसे कार्यकर्ताओं ने शिवसेना भवन पर हनुमान चालीसा का किया पाठ

मुंबई
महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर को लेकर खड़ा हुआ विवाद बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने रामनवमी पर आज मुंबई में शिवसेना पार्टी मुख्यालय 'शिवसेना भवन' के बाहर लाउडस्पीकर लगाया और उस पर हनुमान चालीसा बजाया। हालांकि, कुछ ही देर में पुलिसकर्मी मौके पर पहंच गए और इसे बंद करा दिया। पुलिस ने उस गाड़ी को जब्त कर लिया है, जिस पर हनुमान चालीसा बजाया जा रहा था। साथ ही मनसे नेता यशवंत किल्लेकार हिरासत में ले लिया गया, उन्हें शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। आज सुबह ही शिवसेना भवन के सामने रामनवमी के पोस्टर लगाए गए। मनसे ने हनुमान चालीसा बजाने का ऐलान पहले ही कर दिया था।

राज ठाकरे के बयान से शुरू हुआ विवाद
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने बीते हफ्ते राज्य सरकार से मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग की थी। मुंबई के शिवाजी पार्क में एक रैली में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने कहा था, "मस्जिदों में लाउडस्पीकर इतनी अधिक मात्रा में क्यों बजाए जाते हैं? अगर इसे नहीं रोका गया तो मस्जिदों के बाहर अधिक मात्रा में हनुमान चालीसा के स्पीकर बजने लगेंगे। मैं प्रार्थना या किसी विशेष धर्म के खिलाफ नहीं हूं। मुझे अपने धर्म पर गर्व है।"

संजय राउत ने इसे भाजपा की साजिश बताया
शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने राज ठाकरे पर सरकार से मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए कहने पर निशाना साधा था। राउत ने कहा कि उनका भाषण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा "'स्क्रिप्टेड और प्रायोजित" था। राउत ने कहा कि यह स्पष्ट है कि शिवाजी पार्क में बज रहे लाउडस्पीकर का भाषण "बीजेपी द्वारा लिखित और प्रायोजित" था। महाराष्ट्र वह राज्य है जहां कानून अभी भी कायम है। राज्य के गृह मंत्री कानून के अनुसार सब कुछ करेंगे और महाराष्ट्र में देश का कानून कायम है।

 

 

#Maharashtra

Source : Agency

पाठको की राय